एशियन खेल : भारतीय महिला स्क्वैश टीम की लगातार दूसरी जीत, जापान को 2-1 से हराया
आइची-नागोया, 28 सितंबर (हि.स.)। भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने एशियन गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सोमवार को जापान को 2-1 से हरा दिया। चीन के खिलाफ शुरुआती मुकाबले में 2-1 की जीत के बाद यह भारत की लगातार दूसरी जीत है।
भारत को शुरुआती बढ़त जोशना चिनप्पा ने दिलाई। उन्होंने जापान की एरिसा सानो को 11-1, 11-8 से हराकर मुकाबले में भारत को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद अनाहत सिंह का सामना सातोमी वातानाबे से हुआ। वातानाबे ने पहला गेम 11-8 से जीतकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन अनाहत ने वापसी करते हुए अगले दो गेम 11-8 और 11-7 से जीत लिए। हालांकि जापानी खिलाड़ी ने चौथा गेम 11-8 से अपने नाम कर मुकाबले को निर्णायक पांचवें गेम तक पहुंचा दिया।
निर्णायक गेम में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन वातानाबे ने 11-9 से जीत दर्ज करते हुए मैच 11-8, 8-11, 7-11, 11-8, 11-9 से अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही जापान ने मुकाबले में 1-1 की बराबरी कर ली।
इसके बाद निर्णायक मुकाबले में तन्वी खन्ना ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने अकारी मिदोरिकावा को 12-10, 11-9, 4-11, 12-10 से हराकर भारत को 2-1 की जीत दिला दी। भारत ने इससे पहले महिला टीम स्पर्धा के अपने शुरुआती मुकाबले में चीन को भी 2-1 से मात दी थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे