एशियाई खेल 2026: भारतीय पुरुष स्क्वैश टीम ने जीता कांस्य पदक
नागोया, 01 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष स्क्वैश टीम को गुरुवार को एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में मलेशिया के हाथों 1-2 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। वहीं, भारतीय महिला टीम भी सेमीफाइनल में हांगकांग से 1-2 से हारकर कांस्य पदक ही जीत सकी।
पुरुष वर्ग में भारत की ओर से अभय सिंह ने मलेशिया के ईन यो के खिलाफ पहला मुकाबला खेला। भारत को फाइनल में पहुंचकर हांगझोउ एशियाई खेलों में जीते स्वर्ण पदक का बचाव करने की उम्मीद थी, लेकिन 28 वर्षीय अभय को 0-3 (8-11, 8-11, 8-11) से हार का सामना करना पड़ा।
इसके बाद वीर चोटरानी ने संजय जीव के खिलाफ 3-0 (11-4, 11-8, 11-5) की शानदार जीत दर्ज कर भारत की वापसी कराई और मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया।
निर्णायक मुकाबले में वेलावन सेंथिलकुमार का सामना अमीशनराज चंदरन से हुआ। वेलावन ने पहला गेम 12-10 से जीता लेकिन इसके बाद वह लय बरकरार नहीं रख सके और 1-3 (12-10, 6-11, 8-11, 9-11) से हार गए। इस जीत के साथ मलेशिया ने फाइनल में जगह बना ली।
इस हार के साथ भारत हांगझोउ एशियाई खेलों में जीता पुरुष टीम का स्वर्ण पदक बरकरार नहीं रख सका। हांगझोउ में आयोजित पिछले एशियाई खेल 2023 में खेले गए थे।
इससे पहले भारतीय महिला टीम को भी सेमीफाइनल में हांगकांग के खिलाफ 1-2 से हार मिली। भारत की 18 वर्षीय अनाहत सिंह ने दुनिया की 25वें नंबर की खिलाड़ी सिन युक चान के खिलाफ मुकाबले की शुरुआत की। अनाहत ने चार मैच प्वाइंट गंवाए और पांच गेम तक चले मुकाबले में 2-3 (11-9, 11-8, 6-11, 11-13, 10-12) से हार गईं।
इसके बाद तन्वी खन्ना ने दुनिया की 40वें नंबर की खिलाड़ी का यी ली को 3-1 (4-11, 13-11, 11-9, 13-11) से हराकर भारत की उम्मीदें कायम रखीं। हालांकि, अनुभवी जोशना चिनप्पा निर्णायक मुकाबले में वापसी नहीं करा सकीं। पूर्व विश्व शीर्ष-10 खिलाड़ी जोशना को दुनिया की 39वें नंबर की खिलाड़ी हो त्जे लोक ने सीधे गेमों में हराया, जिससे हांगकांग ने मुकाबला 2-1 से अपने नाम कर फाइनल में प्रवेश किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे