अडाणी स्पोर्ट्सलाइन अकादमी के सात स्केटरों ने दो स्वर्ण सहित जीते 15 पदक
- अकादमी के स्केटरों ने दो स्वर्ण, 10 रजत और तीन कांस्य पर किया कब्जा
अहमदाबाद, 30 अक्टूबर (हि.स.)। अडाणी स्पोर्ट्सलाइन अकादमी के सात खिलाड़ियों ने 46वीं जीएसआरएसए रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 15 पदक अपने नाम किए। इनमें दो स्वर्ण, 10 रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं। अहमदाबाद के डीपीएस स्कूल में 9 से 15 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ियों ने इनलाइन और क्वाड वर्ग की रिंक तथा रोड स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में पार्थ शाह और प्रांश शाह ने स्वर्ण पदक जीते। अंडर-15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के क्वाड वर्ग में पार्थ ने रिंक की 1000 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा उन्होंने रोड की एक लैप और रिंक की 500 मीटर प्लस डिस्टेंस स्पर्धा में दो कांस्य पदक भी जीते। अंडर-6 बालक इनलाइन वर्ग में प्रांश ने रिंक की दो लैप प्लस डिस्टेंस स्पर्धा में स्वर्ण और एक लैप प्लस डिस्टेंस स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया।
अंडर-15 से 18 वर्ष बालिका क्वाड वर्ग में काश्वी पांचाल ने रिंक की 500 मीटर प्लस डिस्टेंस, 1000 मीटर और रोड की 3000 मीटर स्पर्धाओं में तीन रजत पदक जीते। इसी आयु वर्ग के बालक क्वाड वर्ग में श्लोक शाह ने रिंक की 1000 मीटर और रोड की 3000 मीटर स्पर्धा में दो रजत पदक अपने नाम किए।
18 वर्ष से अधिक आयु की बालिका इनलाइन वर्ग में भक्ति कंधार ने रिंक की पांच किलोमीटर पॉइंट टू पॉइंट, रोड की 10 किलोमीटर पॉइंट टू पॉइंट और मिक्स्ड रिले स्पर्धा में तीन रजत पदक जीते। अंडर-8 से 10 वर्ष बालक इनलाइन वर्ग में नक्ष प्रजापति ने रिंक की 1000 मीटर स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। इसी आयु वर्ग की बालिका इनलाइन स्पर्धा में आर्या तिबरेवाला ने रिंक की एक लैप प्लस डिस्टेंस स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
अडाणी स्पोर्ट्सलाइन के मुख्य व्यवसाय अधिकारी संजय अडेसरा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि ये पदक युवा स्केटरों के अनुशासन और निरंतर मेहनत का परिणाम हैं। अंडर-6 आयु वर्ग के सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों से लेकर लंबी दूरी की स्पर्धाओं में हिस्सा लेने वाले वरिष्ठ स्केटरों तक सभी ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस स्तर की प्रतियोगिता में पदक जीतने के लिए महीनों की तैयारी की जरूरत होती है। अकादमी को अपने सभी खिलाड़ियों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में अनुभव दिलाने के प्रयास जारी रहेंगे।
अडाणी स्पोर्ट्सलाइन स्पीड स्केटिंग अकादमी गुजरात में युवा प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने का काम कर रही है। अकादमी खिलाड़ियों को व्यवस्थित प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएं और नियमित रूप से प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के अवसर उपलब्ध कराती है, ताकि जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों के विकास के लिए मजबूत आधार तैयार किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे