स्वप्निल कुसाले और सरबजोत सिंह के नेतृत्व में काहिरा विश्वकप में उतरेगी भारतीय निशानेबाजी टीम
नई दिल्ली, 09 अक्टूबर (हि.स.)। ओलंपिक कांस्य पदक विजेता स्वप्निल सुरेश कुसाले और सरबजोत सिंह मिस्र के काहिरा में होने वाले अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) विश्वकप में 24 सदस्यीय भारतीय राइफल और पिस्टल टीम की अगुआई करेंगे। प्रतियोगिता 8 से 16 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है। भारतीय निशानेबाज सात दिवसीय तैयारी शिविर पूरा करने के बाद काहिरा पहुंचे हैं।
भारतीय टीम ने 01 से 07 अक्टूबर तक देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में राष्ट्रीय शिविर में हिस्सा लिया। इस दौरान खिलाड़ियों ने मुकाबलों जैसी परिस्थितियों में अभ्यास किया और अपनी तकनीकी तैयारियों को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया। भारत आठ ओलंपिक व्यक्तिगत स्पर्धाओं और दो मिश्रित टीम स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेगा।
राइफल स्पर्धाओं में अनुभवी और युवा निशानेबाज
पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में स्वप्निल कुसाले के साथ अखिल श्योराण और एड्रियन करमाकर हिस्सा लेंगे। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में ओलंपियन अर्जुन बाबूता, डेफलिम्पिक्स चैंपियन धनुष श्रीकांत और पार्थ मखीजा भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। बाबूता ने 2026 एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था।
महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में दो बार की ओलंपियन अंजुम मौदगिल के साथ आयुषी पोद्दार और मानिनी कौशिक उतरेंगी। ब्यूनस आयर्स विश्व कप में रजत पदक जीतने वाली उभरती निशानेबाज आर्या राजेश बोर्से महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में ख्याति चौधरी और इस्मिता भोवाल के साथ चुनौती पेश करेंगी।
पिस्टल स्पर्धाओं में सरबजोत पर रहेंगी निगाहें
पेरिस ओलंपिक 2024 के कांस्य पदक विजेता सरबजोत सिंह पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में अजेंद्र सिंह चौहान और उदयवीर सिद्धू के साथ उतरेंगे। पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में विजयवीर सिद्धू, सूरज शर्मा और अंकुर गोयल भारतीय चुनौती पेश करेंगे।
महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में एशियाई खेलों की चैंपियन पलक, मुस्कान और सुरभि राव हिस्सा लेंगी। महिलाओं की 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल स्पर्धा में ओलंपियन रिदम सांगवान, पूर्व विश्व कप स्वर्ण पदक विजेता चिंकी यादव और दिव्या टीएस भारतीय टीम का हिस्सा हैं।
शनिवार से शुरू होंगे मुकाबले
आधिकारिक पूर्वाभ्यास और तकनीकी बैठक के बाद शनिवार, 10 अक्टूबर से प्रतिस्पर्धी मुकाबले शुरू होंगे। पहले दिन 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम और 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धाओं के फाइनल होंगे।
एयर पिस्टल मिश्रित टीम में अजेंद्र सिंह चौहान-पलक और उदयवीर सिद्धू-मुस्कान की जोड़ियां उतरेंगी। एयर राइफल मिश्रित टीम में पार्थ मखीजा-आर्या राजेश बोर्से तथा धनुष श्रीकांत-ख्याति चौधरी की जोड़ियां चुनौती पेश करेंगी। 10, 25 और 50 मीटर की व्यक्तिगत स्पर्धाओं के क्वालीफिकेशन मुकाबले और फाइनल 15 अक्टूबर तक जारी रहेंगे।
काहिरा विश्वकप के लिए भारतीय टीम
- पुरुष 10 मीटर एयर राइफल: पार्थ मखीजा, धनुष श्रीकांत, अर्जुन बाबूता
- महिला 10 मीटर एयर राइफल: आर्या राजेश बोर्से, ख्याति चौधरी, इस्मिता भोवाल
- पुरुष 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन: अखिल श्योराण, एड्रियन करमाकर, स्वप्निल सुरेश कुसाले
- महिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन: अंजुम मौदगिल, आयुषि पोद्दार, मानिनी कौशिक
- पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल: सरबजोत सिंह, अजेंद्र सिंह चौहान, उदयवीर सिद्धू
- महिला 10 मीटर एयर पिस्टल: पलक, मुस्कान, सुरभि राव
- पुरुष 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल: सूरज शर्मा, विजयवीर सिद्धू, अंकुर गोयल
- महिला 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल: दिव्या टीएस, रिदम सांगवान, चिंकी यादव
- 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम: पार्थ मखीजा-आर्या राजेश बोर्से; धनुष श्रीकांत-ख्याति चौधरी
- 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम: अजेंद्र सिंह चौहान-पलक; उदयवीर सिद्धू-मुस्कान
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे