आईएसएसएफ विश्व कप: सैन्यम ने 10 मीटर एयर पिस्टल में जीता रजत, भारत का पदक खाता खुला
नई दिल्ली, 24 जुलाई (हि.स.)। भारत की निशानेबाज सैन्यम ने चीन के हांगझोउ में चल रहे आईएसएसएफ विश्व कप राइफल/पिस्टल/शॉटगन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने टूर्नामेंट में भारत का पदक खाता भी खोल दिया।
फाइनल में सैन्यम ने दबाव के बीच शानदार संयम और निरंतरता का प्रदर्शन करते हुए 243.4 अंक हासिल किए और दूसरे स्थान पर रहते हुए रजत पदक जीता। यह उनके करियर का दूसरा आईएसएसएफ विश्व कप रजत पदक है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी लगातार बेहतर होती प्रदर्शन क्षमता का प्रमाण है।
इससे पहले क्वालिफिकेशन दौर में सैन्यम ने 579 अंक हासिल कर फाइनल के लिए जगह बनाई थी। पूरे क्वालिफिकेशन में उन्होंने सटीक निशानेबाजी का प्रदर्शन किया और उसी लय को फाइनल में भी बरकरार रखते हुए भारत को प्रतियोगिता का पहला पदक दिलाया।
हांगझोउ में जारी इस प्रतिष्ठित विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में भारतीय निशानेबाजों से आगे भी कई पदकों की उम्मीद है। सैन्यम के रजत पदक ने भारतीय दल का मनोबल बढ़ाने के साथ टूर्नामेंट की सकारात्मक शुरुआत भी दिलाई।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे