आईएसएसएफ विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे 'गन फॉर ग्लोरी' के चार निशानेबाज

 


नई दिल्ली, 17 जुलाई (हि.स.)। गगन नारंग स्पोर्ट्स प्रमोशन फाउंडेशन (गन फॉर ग्लोरी) के चार निशानेबाज आगामी आईएसएसएफ विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

चीन के हांगझोउ में 20 से 29 जुलाई तक होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय निशानेबाज दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ अपनी चुनौती पेश करेंगे। फाउंडेशन की ओर से ओलंपियन एलावेनिल वलारिवन और रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल टीम की अगुवाई करेंगे। एलावेनिल महिला 10 मीटर एयर राइफल और 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में हिस्सा लेंगी, जबकि रुद्रांक्ष पुरुष 10 मीटर एयर राइफल और 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में चुनौती पेश करेंगे।

इनके अलावा फाउंडेशन की उभरती हुई निशानेबाज साक्षी सुनील पडेकर (महिला 10 मीटर एयर राइफल) और शाहू तुषार माने (पुरुष 10 मीटर एयर राइफल) भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं। दोनों खिलाड़ी घरेलू प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन और अकादमी में लंबे समय तक की गई तैयारी के बाद विश्व कप में उतरेंगे।

पिछले तीन वर्षों से गन फॉर ग्लोरी अकादमी से जुड़ी साक्षी सुनील पडेकर ने हाल के दिनों में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। विश्व कप से पहले उन्होंने फाउंडेशन की ओर से जारी एक बयान में कहा, मेरा पूरा ध्यान एक समय में एक शॉट पर रहेगा। यही सोच अब तक मेरे लिए कारगर रही है। पिछले कुछ सप्ताह में हमने तकनीकी पहलुओं पर काफी काम किया है और मुझे अपनी तैयारी तथा अपनी क्षमता पर पूरा भरोसा है। हर प्रतियोगिता सीखने का अवसर होती है और मैं दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ खुद को परखने के लिए उत्साहित हूं।

पुरुष वर्ग के निशानेबाज शाहू तुषार माने भी पिछले ढाई वर्षों से गन फॉर ग्लोरी अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे हैं। हाल ही में एयर राइफल ट्रायल में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाले शाहू ने कहा कि उनका लक्ष्य केवल अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर ध्यान देना है। उन्होंने कहा, मैं विश्व कप में किसी विशेष लक्ष्य के साथ नहीं जा रहा हूं। जब मैंने हाल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, तब मैं केवल खेल का आनंद ले रहा था और वर्तमान पर ध्यान केंद्रित कर रहा था। इस बार भी मैं उसी सोच के साथ उतरूंगा। यदि मैं अपनी दिनचर्या का पालन करूं और हर पल का आनंद लेते हुए निशाना लगाऊं, तो परिणाम अपने आप मिल जाएंगे। पदक जीतना निश्चित रूप से खास होगा, लेकिन मेरी प्राथमिकता अपनी पूरी क्षमता के अनुसार प्रदर्शन करना है।

हांगझोउ में होने वाला आईएसएसएफ विश्व कप भारतीय राइफल निशानेबाजों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। यह प्रतियोगिता आने वाली प्रमुख अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप की तैयारियों के लिहाज से भी भारतीय खिलाड़ियों के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे