आईएसएसएफ शॉटगन विश्व कप : भारतीय स्कीट निशानेबाज फाइनल से बाहर, मैराज और राइजा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
नई दिल्ली, 05 मई (हि.स.)। कज़ाख़स्तान के अल्माटी स्थित आसानोव शूटिंग क्लब में आयोजित आईएसएसएफ शॉटगन विश्व कप में भारतीय स्कीट निशानेबाज पुरुष और महिला दोनों वर्गों में फाइनल में जगह बनाने से चूक गए। पुरुष वर्ग में ओलंपियन मैराज अहमद खान और महिला वर्ग में राइज़ा ढिल्लों भारतीय दल की ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी रहे।
मैराज अहमद खान ने पहले दिन 75 में से 71 अंक बनाकर 26वें स्थान से दूसरे दिन की शुरुआत की थी। उन्होंने अंतिम दो सीरीज में 23 और 25 अंक जोड़े और कुल 119 अंकों के साथ क्वालिफिकेशन चरण में 18वें स्थान पर रहे। रैंकिंग अंक के लिए खेल रहे भावतेग सिंह गिल ने भी 119 अंक (24, 24, 23, 24, 24) हासिल किए और 19वें स्थान पर रहे।
ओलंपियन अनंतजीत सिंह नरूका ने चौथी सीरीज़ में परफेक्ट 25 का स्कोर किया, लेकिन अंतिम सीरीज़ में 23 अंक ही जोड़ सके। वह कुल 117 अंकों के साथ 38वें स्थान पर रहे। राष्ट्रीय चैंपियन गुरजोत सिंह खंगूरा ने अंतिम दो सीरीज़ में 22 और 23 अंक बनाते हुए कुल 115 अंकों के साथ 54वां स्थान प्राप्त किया। वहीं अभय सिंह सेखों ने 113 अंकों के साथ 71वां स्थान हासिल किया।
महिला वर्ग में राइज़ा ढिल्लों ने 115 अंक (22, 23, 24, 23, 23) के साथ 17वें स्थान पर रहकर भारतीय खिलाड़ियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। गनेमत सेखों, जो पहले दिन शीर्ष आठ के करीब थीं, अंतिम दो सीरीज़ में 22 और 20 अंक ही बना सकीं और कुल 112 अंकों के साथ 33वें स्थान पर खिसक गईं।
परिनाज़ ढालीवाल ने भी 112 अंक बनाते हुए 32वां स्थान हासिल किया, जबकि वंशिका तिवारी और रश्म्मी राठौर ने क्रमशः 112 और 102 अंकों के साथ 29वें और 47वें स्थान पर प्रतियोगिता समाप्त की।
इस प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा और कोई भी निशानेबाज फाइनल में जगह बनाने में सफल नहीं हो सका।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे