जापान में होने वाले एशियाई खेल के लिए भारत की 30 सदस्यीय निशानेबाजी टीम घोषित
नई दिल्ली, 11 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले 20वें एशियाई खेलों के लिए भारत की 30 सदस्यीय निशानेबाजी टीम की घोषणा कर दी है। भारतीय दल में 15 पुरुष और 15 महिला निशानेबाज शामिल किए गए हैं। निशानेबाजी स्पर्धाएं 17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक आइची प्रीफेक्चरल जनरल शूटिंग रेंज में आयोजित होंगी।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने निर्धारित सभी पात्रता मानकों को खिलाड़ियों ने पूरा किया, लेकिन आयोजन समिति की सीमित कोटा प्रणाली के कारण अंतिम टीम 30 खिलाड़ियों तक सीमित रखी गई। चयन समिति ने विभिन्न स्पर्धाओं में एक से अधिक वर्गों में भाग लेने की क्षमता रखने वाले खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी, ताकि भारत अधिकतम स्पर्धाओं में भाग लेकर पदक संभावनाएं मजबूत कर सके। इस रणनीति के तहत विदार्सा के. विनोद, रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल, मनु भाकर और ईशा सिंह को एक से अधिक स्पर्धाओं में शामिल किया गया है।
एनआरएआई अध्यक्ष कालीकेश सिंह देव ने कहा कि भारतीय निशानेबाजी में प्रतिभा का स्तर लगातार बढ़ा है और अंतिम टीम का चयन बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह दल एशियाई खेलों में भारत को मजबूत दावेदार के रूप में प्रस्तुत करेगा।
भारतीय दल में कुल 12 शॉटगन निशानेबाज और 18 राइफल-पिस्टल वर्ग के खिलाड़ी शामिल हैं। हाल के महीनों में भारतीय निशानेबाजों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। हाल ही में आईएसएसएफ विश्व कप में भारतीय खिलाड़ियों ने कई पदक जीते थे। म्यूनिख विश्व कप में ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक और विश्व रिकॉर्ड बनाया था, जबकि 10 मीटर एयर पिस्टल में सुरुचि सिंह और ईशा सिंह ने स्वर्ण और रजत पदक जीतकर भारत की ताकत दिखाई थी।
एशियाई खेल के लिए भारत की निशानेबाजी टीम
राइफल और पिस्टल वर्ग (18 खिलाड़ी)
10 मीटर एयर राइफल (पुरुष)
1. पार्थ राकेश माने
2. हिमांशु ढिल्लों
3. रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल
10 मीटर एयर राइफल (महिला)
4. एलावेनिल वलारिवन
5. सोनम उत्तम मास्कर
6. विदार्सा के. विनोद
50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन (पुरुष)
7. ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर
8. नीरज कुमार
9. रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल
50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन (महिला)
10. आशी चौकसी
11. विदार्सा के. विनोद
12. तिलोत्तमा सेन
10 मीटर एयर पिस्टल (पुरुष)
13. केदारलिंग बी. उचगांवकर
14. गौरव
15. कमलजीत
10 मीटर एयर पिस्टल (महिला)
16. सुरुचि
17. ईशा सिंह
18. मनु भाकर
25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल (पुरुष)
19. अनीश
25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल (महिला)
20. ईशा सिंह
21. मनु भाकर
22. राही सरनोबत
शॉटगन वर्ग (12 खिलाड़ी)
ट्रैप (पुरुष)
23. क्यानन चेन्नई
24. अहवार रिजवी
25. शपथ भारद्वाज
ट्रैप (महिला)
26. नीरू
27. मनीषा कीर
28. आशिमा अहलावत
स्कीट (पुरुष)
29. अनंतजीत सिंह नरुका
30. भवतेग सिंह गिल
31. मैराज अहमद खान
स्कीट (महिला)
32. परीनाज धालीवाल
33. राइजा ढिल्लों
34. महेश्वरी चौहान
नोट: आधिकारिक दल 30 खिलाड़ियों का है। कुछ खिलाड़ी एक से अधिक स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे (जैसे रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल, विदार्सा के. विनोद, ईशा सिंह और मनु भाकर), इसलिए स्पर्धाओं की सूची में नाम दोहराए गए हैं, लेकिन वास्तविक खिलाड़ियों की संख्या 30 ही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे