भुवनेश्वर में कुलदीप कुमार का कमाल: पोल वॉल्ट में बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

 




भुवनेश्वर, 02 मई (हि.स.)। भारतीय एथलेटिक्स में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज करते हुए कुलदीप कुमार ने पोल वॉल्ट में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया है। 21 वर्षीय मध्य प्रदेश के इस खिलाड़ी ने शनिवार को आयोजित प्रथम इंडियन इंडोर ओपन कंबाइंड इवेंट्स और पोल वॉल्ट प्रतियोगिता में 5.41 मीटर की ऊंचाई पार कर इतिहास रच दिया।

कुलदीप ने अपने ही राज्य के देव मीना के 5.40 मीटर के पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। हालांकि उन्होंने 5.46 मीटर की ऊंचाई पार करने के तीन प्रयास किए, लेकिन सफल नहीं हो सके। एशियाई खेलों के लिए क्वालिफाइंग मार्क 5.45 मीटर निर्धारित है।

कुलदीप का हालिया प्रदर्शन शानदार रहा है। इससे पहले अप्रैल में उन्होंने जयपुर में 5.25 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता था और 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालिफाई भी किया था।

प्रतियोगिता के परिणाम:

स्वर्ण – कुलदीप कुमार (मध्य प्रदेश) – 5.41 मीटर।

रजत – जी रीगन (तमिलनाडु) – 5.25 मीटर।

कांस्य – देव मीना (मध्य प्रदेश) – 5.20 मीटर

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे