एशियाई पैरा खेल 2026 क्वालीफिकेशन के लिए नूरजहां नूरअली का बड़ा अंतरराष्ट्रीय अभियान, चार टूर्नामेंटों में लेंगी हिस्सा
अहमदाबाद, 05 मई (हि.स.)। भारत की नंबर एक पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी नूरजहां नूरअली एशियाई पैरा खेल 2026 के क्वालीफिकेशन को ध्यान में रखते हुए चार अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में हिस्सा ले रही हैं। यह प्रतियोगिता जापान के आइची प्रांत और नागोया में अक्टूबर 2026 में आयोजित होगी।
विश्व रैंकिंग में 27वें स्थान पर काबिज नूरजहां इस समय चार अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं, जो उनके करियर का बेहद महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है। उनका लक्ष्य एशिया में शीर्ष छह में जगह बनाकर एशियाई पैरा खेल के लिए क्वालीफाई करना है। फिलहाल वह एशिया में आठवें स्थान पर हैं।
नूरजहां के अभियान की शुरुआत मोंटेनेग्रो के पोडगोरिका में 29 अप्रैल से 2 मई तक आयोजित टूर्नामेंट से हुई। इसके बाद वह 5 से 9 मई तक स्लोवेनिया के लास्को में प्रतियोगिता खेल रही हैं। आगे 11 से 15 मई तक लास्को में ही एक और टूर्नामेंट और 17 से 21 मई तक ताइपे शहर, ताइवान में अंतिम प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।
पांच साल की उम्र में पोलियो से प्रभावित होने के बावजूद नूरजहां ने 2022 में प्रतिस्पर्धी टेबल टेनिस में वापसी की और तेजी से सफलता हासिल की। उन्होंने अल्टीमेट टेबल टेनिस राष्ट्रीय पैरा चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता और 2025-26 में इंदौर में आयोजित सीनियर राष्ट्रीय पैरा चैंपियनशिप में अपने खिताब का सफल बचाव किया।
अहमदाबाद की रहने वाली नूरजहां अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड में जूनियर अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। कंपनी ने उन्हें प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए पर्याप्त सहयोग और लचीलापन प्रदान किया है।
नूरजहां ने एक बयान में कहा, “यह चरण मेरे क्वालीफिकेशन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। लगातार सहयोग और बेहतर प्रशिक्षण माहौल के साथ मेरा पूरा ध्यान एशिया के शीर्ष छह में जगह बनाने पर है।”
अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के निदेशक प्रणव अडानी ने कहा कि नूरजहां का सफर उनके जज्बे, अनुशासन और संघर्ष को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कंपनी को उन पर गर्व है और वे देश का नाम रोशन करेंगी। अडानी स्पोर्ट्सलाइन की ‘गर्व है’ पहल के तहत नूरजहां को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और अंतरराष्ट्रीय मंच पर खेलने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
एशियाई पैरा खेल के क्वालीफिकेशन को ध्यान में रखते हुए यह अंतरराष्ट्रीय अभियान नूरजहां नूरअली के करियर का निर्णायक मोड़ माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे