मार्क मार्केज लेंगे मोटोजीपी से संन्यास, वैलेंसिया ग्रां प्री होगा आखिरी मुकाबला

 


- 10 बार के विश्व चैंपियन ने अचानक लिया फैसला, डुकाटी के साथ 2026 सत्र के बाद खत्म होगा सफर

पेरिस, 27 नवंबर (हि.स.)। स्पेन के दिग्गज राइडर और विश्व चैंपियन मार्क मार्केज मोटोजीपी से संन्यास लेने जा रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार को अचानक घोषणा की कि इस सप्ताहांत होने वाली वैलेंसिया ग्रां प्री उनकी पेशेवर राइडर के रूप में आखिरी रेस होगी। उनकी टीम डुकाटी ने भी इसकी पुष्टि कर दी है।

मार्केज ने शुक्रवार को सप्ताहांत के पहले अभ्यास सत्र की शुरुआत से कुछ मिनट पहले यह चौंकाने वाला ऐलान किया। डुकाटी टीम ने सोशल मीडिया पर लिखा, यह आधिकारिक है। मार्क मार्केज ने मोटोजीपी से संन्यास लेने का फैसला किया है। 2026 वैलेंसिया ग्रां प्री पेशेवर राइडर और डुकाटी लेनोवो टीम के साथ उनकी आखिरी रेस होगी।

10 बार के विश्व चैंपियन मार्केज ने अपने संदेश में लिखा, हम बाद में बात करेंगे, लेकिन सबसे पहले इस सफर का हिस्सा रहे सभी लोगों का धन्यवाद। मुझे उम्मीद है कि आपने भी इसका उतना ही आनंद लिया होगा, जितना मैंने लिया। मोटोजीपी में यह मेरी आखिरी रेस होगी। हमने इतिहास रचा है।

मार्केज का डुकाटी के साथ दो साल का वैध अनुबंध था, जो 2027 और 2028 सत्र तक था। 2025 में चैंपियनशिप जीतने के बाद उन्होंने टीम के साथ अनुबंध बढ़ाया था। हालांकि, पिछले सप्ताहांत पुर्तगाल के पोर्टिमाओ में अपने आठवें प्रीमियर क्लास खिताब पर कब्जा करने के बाद उन्होंने भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट प्रतिबद्धता नहीं जताई थी। इसके बावजूद डुकाटी प्रबंधन ने भरोसा जताया था कि वह टीम के साथ अपना अनुबंध पूरा करेंगे।

मार्केज ने अभी तक अचानक संन्यास लेने के कारणों का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, पिछले छह वर्षों में उन्हें दाहिने कंधे की दो गंभीर चोटों से जूझना पड़ा। 2020 सत्र की शुरुआत में जेरेज में हुए एक भीषण हादसे के बाद उनका करियर लगभग खत्म होने की कगार पर पहुंच गया था। एक सप्ताह बाद उसी ट्रैक पर वापसी की कोशिश में उनकी चोट और गंभीर हो गई थी।

इसके बाद चैंपियनशिप में वापसी करने के लिए मार्केज को चार सर्जरी और पांच साल का लंबा इंतजार करना पड़ा। 2025 में खिताब जीतकर उन्होंने खेल इतिहास की सबसे शानदार वापसी में से एक को पूरा किया।

हालांकि, पिछले साल जापान में खिताबी जीत का जश्न मनाने के महज एक सप्ताह बाद इंडोनेशियाई ग्रां प्री की शुरुआत में एक अन्य राइडर की टक्कर से वह फिर चोटिल हो गए थे।

33 वर्षीय मार्केज को इस साल अपनी शारीरिक सीमाओं के बावजूद शानदार प्रदर्शन करना पड़ा। उन्होंने अपना पूरा ध्यान रेसिंग पर केंद्रित किया और अप्रिलिया के मार्को बेजेकी तथा जॉर्ज मार्टिन से 102 अंकों की चुनौती को पार किया। आखिरकार उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए एक रेस शेष रहते ही खिताब अपने नाम कर लिया।

खिताब पहले ही पक्का कर चुके मार्केज ने मोटोजीपी में अपने आखिरी सप्ताहांत की शुरुआत से पहले संन्यास का फैसला सार्वजनिक किया। उनके इस ऐलान के बाद डुकाटी को 850 सीसी मोटोजीपी युग की शुरुआत में पेद्रो अकॉस्टा के साथ टीम बनाने के लिए नए राइडर की तलाश करनी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे