एशियाई खेल : ईरान को हराकर भारत ने जीता पुरुष कबड्डी का रिकॉर्ड नौवां स्वर्ण
भारत ने कबड्डी में रचा इतिहास, महिला और पुरुष दोनों टीमों ने जीता स्वर्ण
तोकाई, 26 सितंबर (हि.स.)। भारत ने एशियाई खेल 2026 में कबड्डी में स्वर्णिम डबल पूरा करते हुए शनिवार को इतिहास रच दिया। भारतीय पुरुष टीम ने रोमांचक फाइनल में ईरान को 40-34 से हराकर लगातार दूसरी बार एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे कुछ घंटे पहले भारतीय महिला टीम ने भी ईरान को 37-34 से हराकर अपना खिताब बरकरार रखा था।
पुरुष टीम की जीत के साथ भारत ने एशियाई खेलों में नौवीं बार पुरुष कबड्डी का स्वर्ण पदक जीतकर अपना रिकॉर्ड और मजबूत किया। कबड्डी को 1990 में एशियाई खेलों में शामिल किए जाने के बाद भारत केवल 2018 जकार्ता खेलों में स्वर्ण जीतने में नाकाम रहा था, जहां टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था। हांगझोऊ 2022 में भारत ने फिर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
तोकाई सिटीजन जिम्नेजियम में खेले गए रोमांचक फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले हाफ में ईरान ने भारतीय टीम को कड़ी चुनौती दी और 18-17 की बढ़त के साथ मध्यांतर तक पहुंचा। ईरान ने एक ऑलआउट हासिल किया, जबकि भारत की ओर से डिफेंस ने दो सुपर टैकल अंक जुटाए।
हालांकि, दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण हासिल कर लिया। सुमित और अर्जुन देशवाल ने टीम की वापसी में अहम भूमिका निभाई भारत ने 20-20 की बराबरी के बाद डिफेंस में शानदार प्रदर्शन किया। सुमित ने प्रभावी टैकल करते हुए ईरानी रेडरों पर दबाव बनाए रखा। इसके बाद राहुल के निर्णायक टैकल की मदद से भारत ने ईरान को ऑलआउट कर 29-24 की बढ़त हासिल कर ली।
इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार अंक जुटाए और मुकाबले को अपने पक्ष में कर लिया। अंततः भारत ने 40-34 से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
इससे पहले महिला कबड्डी टीम ने भी बेहद रोमांचक फाइनल में ईरान को 37-34 से शिकस्त दी। मुकाबले के अंतिम क्षणों में ईरान ने वापसी की कोशिश की लेकिन भारतीय डिफेंस ने शानदार प्रदर्शन किया। मैच खत्म होने से करीब एक मिनट पहले ईरान को अंक की जरूरत थी लेकिन भारत ने आयनाज पर महत्वपूर्ण टैकल कर मुकाबले को लगभग अपने नाम कर लिया।
महिला टीम का यह लगातार दूसरा एशियाई खेल स्वर्ण है। हांगझोऊ में भी भारतीय महिलाओं ने स्वर्ण पदक जीता था।
कबड्डी में दोनों स्वर्ण पदकों के साथ भारत ने आइची-नागोया एशियाई खेलों में अब तक चार स्वर्ण पदक जीत लिए हैं। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम तथा सुरुचि सिंह और कमलजीत की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे