राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप: भारत और युगांडा के बीच होगा महिला वर्ग का खिताबी मुकाबला

 




अहमदाबाद, 30 अक्टूबर (हि.स.)।

राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के आठवें दिन शुक्रवार को वीर सावरकर खेल परिसर में महिला वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। भारत और युगांडा ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बना ली। युगांडा ने जहां केन्या को बेहद रोमांचक मुकाबले में 23-21 से हराया, वहीं भारतीय टीम ने श्रीलंका को 39-14 से करारी शिकस्त दी।

महिला वर्ग का फाइनल 31 अक्टूबर को शाम 7:30 बजे भारतीय समयानुसार भारत और युगांडा के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें इससे पहले ग्रुप चरण में भी आमने-सामने आई थीं, जिसमें भारत ने 41-18 से जीत दर्ज की थी।

युगांडा ने केन्या के खिलाफ मुकाबले में पहले हाफ में 12-9 की बढ़त बनाई। मैच समाप्त होने से सात मिनट पहले युगांडा की टीम 18-12 से आगे थी, लेकिन केन्या ने जोरदार वापसी की कोशिश की। केन्या ने अंतिम सात मिनट में 9 अंक जुटाए, जबकि युगांडा इस दौरान पांच अंक ही बना सका। इसके बावजूद युगांडा ने 23-21 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

युगांडा की ओर से नाकायोंगो शिरात और नालवोगा नाहिया ने आठ-आठ अंक जुटाए। नाहिया ने दूसरे हाफ में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में उतरने के बाद अपने सभी अंक हासिल किए। कप्तान नालुबेगा ओलिविया ने तीन टैकल अंक जोड़े। युगांडा ने 17 रेड अंक और चार टैकल अंक हासिल किए तथा एक बार केन्या को ऑलआउट किया।

केन्या की ओर से लावेंडा ओडियाम्बो सबसे सफल रहीं। उन्होंने 25 रेड में 16 अंक जुटाए, जिसमें छह बोनस अंक शामिल थे। लिजियाने ओविनो ने दो टैकल अंक हासिल किए। ओडियाम्बो ने दूसरे हाफ में 11 अंक बनाए, लेकिन उनकी कोशिश टीम को जीत नहीं दिला सकी। युगांडा के लिए निर्णायक अंतर पहले हाफ में हासिल ऑलआउट और डू-ऑर-डाई रेड में पांच में से पांच सफल प्रयास रहे।

दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को 39-14 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। भारत ने पहले हाफ में ही 24-7 की मजबूत बढ़त बना ली थी। भारत की ओर से साक्षी ने सर्वाधिक 11 अंक हासिल किए। उन्होंने रेड से आठ और टैकल से तीन अंक जुटाए। कप्तान निधि शर्मा ने 12 रेड में 10 अंक बनाए, जिसमें दो बोनस अंक शामिल थे।

रितु ने चार टैकल अंक लेकर भारतीय रक्षा पंक्ति को मजबूती दी, जबकि सुमन ने तीन अंक जोड़े। भारत ने 21 रेड अंक और 12 टैकल अंक हासिल किए तथा श्रीलंका को तीन बार ऑलआउट किया। श्रीलंका की ओर से दिलुक्षाना ने सर्वाधिक छह अंक बनाए, जिनमें पांच बोनस अंक शामिल थे। प्रियवर्णा ने एक सुपर टैकल किया, लेकिन श्रीलंकाई टीम पूरे मुकाबले में केवल आठ सफल रेड ही कर सकी।

जीत के बाद भारतीय कप्तान निधि शर्मा ने कहा, “फाइनल में पहुंचकर मैं बहुत खुश हूं। यह बहुत अच्छा लग रहा है। हम पहले भी युगांडा के खिलाफ खेल चुके हैं, लेकिन दूसरी बार सामना होने के कारण वे अपनी रणनीति में बदलाव करेंगे। इसलिए फाइनल मुकाबला अच्छा रहने वाला है।”

फाइनल मुकाबला 31 अक्टूबर को शाम 7:30 बजे भारत और युगांडा के बीच खेला जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे