हॉकी इंडिया अवॉर्ड्स 2025: नवनीत कौर और हार्दिक सिंह बने साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, जफर इकबाल को लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान
नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)।
भारतीय हॉकी के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों और योगदानकर्ताओं को सम्मानित करने के लिए हॉकी इंडिया 8वें वार्षिक पुरस्कार 2025 का आयोजन शुक्रवार को किया गया। इस समारोह में खिलाड़ियों, अधिकारियों और सदस्य इकाइयों ने भाग लिया और खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन को सराहा गया।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया और युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा ओलंपियन हरबिंदर सिंह, असलम शेर खान, जफर इकबाल, मीर रंजन नेगी, ममता खरब और रानी सहित कई दिग्गज खिलाड़ी भी समारोह में शामिल हुए।
महिला वर्ग में नवनीत कौर और पुरुष वर्ग में हार्दिक सिंह को हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर प्लेयर ऑफ द ईयर 2025 (20-20 लाख रुपये) से सम्मानित किया गया। वहीं 1980 मॉस्को ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता टीम के सदस्य रहे जफर इकबाल को मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड (25 लाख रुपये) प्रदान किया गया।
इससे पहले दिन में रघु प्रसाद आरवी को वर्ष 2025 का एफआईएच अंपायर ऑफ द ईयर बनने पर सम्मानित किया गया। ईशिका को उरुग्वे के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में गोल करने के लिए सराहा गया। दीपिका को पॉलिग्रास मैजिक स्किल अवॉर्ड मिला, जबकि अभिषेक को हीरो एशिया कप 2025 (राजगीर, बिहार) में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने जाने पर सम्मानित किया गया।
उदीता को महिला एशिया कप 2025 (हांगझोउ, चीन) में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने पर सम्मान मिला, जबकि नवनीत कौर को एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप क्वालिफायर (हैदराबाद) में शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। व्यक्तिगत उपलब्धि श्रेणी के सभी विजेताओं को 1-1 लाख रुपये दिए गए।
2025 की 15वीं हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप में प्रदर्शन के आधार पर सात सदस्य इकाइयों—हॉकी झारखंड, हॉकी हरियाणा, हॉकी मिजोरम, हॉकी पंजाब, हॉकी मध्य प्रदेश, हॉकी ओडिशा और हॉकी उत्तर प्रदेश—को 10-10 लाख रुपये प्रदान किए गए।
हीरो एशिया कप 2025 (राजगीर, बिहार) जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम को भी सम्मानित किया गया, जिसमें खिलाड़ियों को 3-3 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ को 1.5-1.5 लाख रुपये दिए गए। वहीं एफआईएच जूनियर वर्ल्ड कप 2025 (तमिलनाडु) में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय जूनियर पुरुष टीम को भी नकद पुरस्कार दिया गया, जहां खिलाड़ियों को 5-5 लाख और स्टाफ को 2.5-2.5 लाख रुपये मिले।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम को अंतरराष्ट्रीय मुकाबले जीतने पर कुल 1.38 करोड़ रुपये और महिला टीम को 69 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।
अन्य प्रमुख पुरस्कारों में बिचु देवी खारीबाम को गोलकीपर ऑफ द ईयर, संजय को डिफेंडर ऑफ द ईयर, सुमित को मिडफील्डर ऑफ द ईयर और सुखजीत सिंह को फॉरवर्ड ऑफ द ईयर चुना गया। उभरते खिलाड़ियों में प्रिंस दीप सिंह (पुरुष अंडर-21) और साक्षी राणा (महिला अंडर-21) को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ उभरता खिलाड़ी चुना गया।
अधिकारियों की श्रेणी में सौरभ सिंह राजपूत को अंपायर/अंपायर मैनेजर ऑफ द ईयर और बिस्वरंजन सारंगी को टेक्निकल ऑफिशियल ऑफ द ईयर का पुरस्कार दिया गया। हॉकी झारखंड को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ सदस्य इकाई घोषित किया गया।
इसके अलावा सरदार सरपाल सिंह को आउटस्टैंडिंग अचीवमेंट अवॉर्ड और मनोज कोनबेगी को इनवैल्यूएबल कॉन्ट्रिब्यूशन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
समारोह में खिलाड़ियों की उपलब्धियों को भी सराहा गया। मनप्रीत सिंह ने 400 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने पर 4 लाख रुपये प्राप्त किए। हरमनप्रीत सिंह (250 मैच), नवनीत कौर और निक्की प्रधान (200 मैच), हार्दिक सिंह, कृष्ण बहादुर पाठक, नीलकांत शर्मा, जरमनप्रीत सिंह और सलीमा टेटे (150 मैच) तथा अभिषेक, सुखजीत सिंह और दिलप्रीत सिंह (100 मैच) पूरे करने पर भी सम्मानित किए गए।
इस मौके पर डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि खेल देश को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं और भारत 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स तथा 2036 ओलंपिक की मेजबानी की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वहीं रक्षा खडसे ने भारतीय हॉकी के 100 वर्षों की विरासत को रेखांकित करते हुए खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
पुरस्कार मिलने पर नवनीत कौर और हार्दिक सिंह ने इसे अपने करियर का बड़ा सम्मान बताया और टीम के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। जफर इकबाल ने भी इस सम्मान को अपने लिए गर्व का क्षण बताया।
मुख्य विजेता :
गोलकीपर ऑफ द ईयर: बिचु देवी खारीबाम (₹5 लाख)
डिफेंडर ऑफ द ईयर: संजय (₹5 लाख)
मिडफील्डर ऑफ द ईयर: सुमित (₹5 लाख)
फॉरवर्ड ऑफ द ईयर: सुखजीत सिंह (₹5 लाख)
उभरती खिलाड़ी (महिला अंडर-21): साक्षी राणा (₹10 लाख)
उभरते खिलाड़ी (पुरुष अंडर-21): प्रिंस दीप सिंह (₹10 लाख)
प्लेयर ऑफ द ईयर (महिला): नवनीत कौर (₹20 लाख)
प्लेयर ऑफ द ईयर (पुरुष): हार्दिक सिंह (₹20 लाख)
लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड: जफर इकबाल (₹25 लाख)
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे