महिला अंडर-18 एशिया कप 2026: भारत ने कोरिया को 3-0 से हराकर जीता कांस्य पदक
नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम ने शनिवार को जापान के काकामिगाहारा में खेले गए महिला अंडर-18 एशिया कप 2026 के कांस्य पदक मुकाबले में कोरिया को 3-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की और टूर्नामेंट का समापन कांस्य पदक के साथ किया।
भारत की ओर से संदीपा कुमारी (2वां मिनट), कप्तान स्वीटी कुजूर (16वां मिनट) और नौशीन नाज़ (33वां मिनट) ने गोल दागे। पूरे मुकाबले में भारतीय टीम ने आक्रामक खेल और मजबूत रक्षापंक्ति का शानदार प्रदर्शन किया।
सेमीफाइनल में चीन के खिलाफ शूटआउट में मिली करीबी हार के बाद भारतीय टीम ने कांस्य पदक मुकाबले में दमदार वापसी की।
मैच शुरू होने के मात्र दो मिनट के भीतर संदीपा कुमारी ने बेहतरीन गोल कर भारत को बढ़त दिला दी।
पहले गोल के बाद भारतीय टीम लगातार आक्रमण करती रही और गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा। इसका फायदा 16वें मिनट में मिला जब कप्तान स्वीटी कुजूर ने फील्ड गोल कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।
दूसरे हाफ में भी भारत ने अपना दबदबा बनाए रखा। 33वें मिनट में टूर्नामेंट की शीर्ष गोल स्कोरर नौशीन नाज़ ने शानदार फील्ड गोल कर बढ़त को 3-0 तक पहुंचा दिया।
इस गोल के साथ नौशीन ने पूरे टूर्नामेंट में अपने गोलों की संख्या 12 कर ली और शीर्ष स्कोरर के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।
रक्षापंक्ति में भी भारतीय टीम ने अनुशासित प्रदर्शन किया और कोरिया को कोई स्पष्ट मौका नहीं दिया। भारतीय खिलाड़ियों ने क्लीन शीट बनाए रखते हुए मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया।
शानदार प्रदर्शन और शुरुआती गोल करने वाली संदीपा कुमारी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
महिला अंडर-18 एशिया कप 2026 में भारतीय टीम ने कुल 36 गोल दागते हुए अपनी आक्रामक क्षमता, मजबूत रक्षा और भविष्य की संभावनाओं की शानदार झलक दिखाई।
वहीं, महिला अंडर-18 एशिया कप 2026 का फाइनल शनिवार को भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे चीन और मेजबान जापान के बीच खेला जाएगा।
दूसरी ओर, भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम भी शनिवार को भारतीय समयानुसार शाम 3:30 बजे जापान अंडर-18 टीम के खिलाफ फाइनल मुकाबले में उतरेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे