एफआईएच हॉकी विश्व कप में क्वालीफायर के लिए उरुग्वे महिला टीम हैदराबाद पहुंची

 


हैदराबाद, 26 फरवरी (हि.स.)। उरुग्वे की महिला राष्ट्रीय हॉकी टीम ‘सिमारोनास’ एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 क्वालीफायर में भाग लेने के लिए हैदराबाद पहुंच गई है। यह प्रतिष्ठित आठ देशों का टूर्नामेंट 8 से 14 मार्च तक आयोजित होगा, जिसमें से तीन टीमें बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी।

उरुग्वे की टीम पहली बार विश्व कप में जगह बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। टीम की कप्तान बेलें बैरेइरो के नेतृत्व में खिलाड़ी पूरे आत्मविश्वास के साथ क्वालीफायर में उतर रहे हैं।

पिछले वर्ष टीम ने एफआईएच हॉकी नेशंस कप-2 में उपविजेता रहकर शानदार प्रदर्शन किया था। इसके अलावा पैन अमेरिकन कप 2025 में भी टीम ने घरेलू दर्शकों के सामने ऐतिहासिक पदक जीतकर नया इतिहास रचा।

कप्तान बेलें बैरेइरो ने कहा, “हम हैदराबाद आकर बेहद उत्साहित हैं। हमने पिछले साल से इस टूर्नामेंट की तैयारी की है और हाल के हफ्तों में कड़ी ट्रेनिंग की है। हम अपना 100 प्रतिशत प्रदर्शन देंगे।”

पूल-बी में उरुग्वे के सामने कड़ी चुनौती होगी। टीम अपने अभियान की शुरुआत 8 मार्च को मेजबान भारत के खिलाफ करेगी। इसके बाद 9 मार्च को वेल्स और 11 मार्च को स्कॉटलैंड के खिलाफ लीग चरण के मुकाबले खेले जाएंगे।

उरुग्वे की निगाहें इतिहास रचने पर टिकी हैं और हैदराबाद में होने वाला यह क्वालीफायर उनके लिए विश्व मंच तक पहुंचने का सुनहरा अवसर साबित हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे