हॉकी इंडिया ने की 31 सदस्यीय सीनियर महिला राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर की घोषणा

 




~ 2026 के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की तैयारियों के तहत आयोजित होगा शिविर ~

नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने सोमवार को भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए 1 से 9 अप्रैल 2026 तक सीनियर महिला राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर की घोषणा की है। यह शिविर आगामी व्यस्त अंतरराष्ट्रीय सत्र की तैयारियों के मद्देनज़र आयोजित किया जा रहा है।

भारतीय टीम हाल ही में एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 क्वालीफायर) में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतने के साथ-साथ एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए क्वालिफाई कर चुकी है। ऐसे में यह शिविर टीम के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

नए मुख्य कोच सजोर्ड मरिजन के मार्गदर्शन में इस शिविर का मुख्य उद्देश्य टीम संयोजन तैयार करना, फिटनेस स्तर में सुधार लाना और खेल की रणनीति को और धार देना होगा।

भारतीय टीम जून में एफआईएच महिला हॉकी नेशंस कप 2026 में हिस्सा लेगी, जिसके बाद अगस्त में विश्व कप और फिर 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक जापान में होने वाले एशियाई खेल 2026 में भाग लेगी।

शिविर को लेकर कोच ने कहा, “यह शिविर हमारे लिए एक अहम कदम है। हमारा ध्यान निरंतरता सुधारने, टीम संरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों को शारीरिक व मानसिक रूप से तैयार करने पर रहेगा। हमारा लक्ष्य ऐसी टीम बनाना है जो बड़े मुकाबलों में दबाव झेलकर बेहतर प्रदर्शन कर सके।”

31 सदस्यीय दल

गोलकीपर: सविता, माधुरी किंडो, बिछू देवी खरीबाम, बंसारी सोलंकी।

डिफेंडर्स: निक्की प्रधान, इशिका चौधरी, ज्योति सिंह, लालथंथलुआंगी, ज्योति, उदिता, शिल्पी डबास।

मिडफील्डर: सुशीला चानू पुखरंबम, मनीषा चौहान, वैश्णवी विठ्ठल फाल्के, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, इशिका।

फॉरवर्ड: दीपिका सोरेंग, रुतजा दादासो पिसाल, बलजीत कौर, नवनीत कौर, दीपिका, अन्नू, ब्यूटी डुंगडुंग, हीना बानो, सोनम, लालरेमसियामी, मुमताज खान, संगीता कुमारी (रिहेब)

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे