एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में फिर ऊंचा स्तर स्थापित करने उतरेंगे: सलीमा टेटे
नई दिल्ली, 14 नवंबर (हि.स.)। भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे को पूरा भरोसा है कि उनकी टीम 'मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026' में भी अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखेगी। तीन बार की चैंपियन यह टीम, इस साल शानदार प्रदर्शन करने के बाद अब अपने घरेलू मैदान पर अपना खिताब बचाने के लिए तैयार है।
भारत इस टूर्नामेंट में पिछले महीने जापान में हुए एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उतर रहा है। इससे पहले टीम ने एफआईएच नेशंस कप भी जीता था और एफआईएच वर्ल्ड कप में पांचवां स्थान हासिल किया था, जो 1974 के बाद से उनका अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है। सलीमा का मानना है कि अलग-अलग टूर्नामेंटों में टीम के लगातार अच्छे प्रदर्शन ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया है और एक ऐसा मानक स्थापित किया है, जिसे वे आगे भी बनाए रखना चाहती हैं।
हॉकी इंडिया के साथ एक इंटरव्यू में सलीमा ने कहा, हमने हर टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन किया और जापान में एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक जीता। हमारी निरंतरता अच्छी रही है। हमने अपने लिए जो मानक तय किए हैं, हम उन्हें बनाए रखने और अपने प्रदर्शन के स्तर को और ऊंचा उठाने की कोशिश करेंगे।
भोपाल में होने वाला यह टूर्नामेंट इस साल का आखिरी आयोजन है। कप्तान चाहती हैं कि खिलाड़ी उसी एकजुटता के साथ इस चुनौती का सामना करें, जो उनकी हालिया सफलताओं का मुख्य आधार रही है।
उन्होंने आगे कहा, यह हमारे लिए इस साल का आखिरी टूर्नामेंट है, इसलिए हम इसका आनंद लेने की कोशिश करेंगे और एक बार फिर दिखाएंगे कि हम एक-दूसरे पर कितना भरोसा और विश्वास करते हैं।
एशियन गेम्स के फाइनल में भारत ने चीन को हराया था, और भोपाल में भी ये दोनों टीमें एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दे सकती हैं। हालांकि, सलीमा ने साफ कर दिया है कि मेजबान टीम अपनी तैयारियों को विरोधियों के हिसाब से तय नहीं होने देगी।
उन्होंने कहा, बेशक, चीन पूरी तैयारी के साथ आएगा, लेकिन हमारा ध्यान इस बात पर नहीं है कि हमारे विरोधी क्या कर रहे हैं। हम सिर्फ खुद पर, अपने खेल के ढांचे पर और कोच के निर्देशों का पालन करने पर ध्यान दे रहे हैं। संक्षेप में कहें तो, हम अपना स्वाभाविक खेल खेलना चाहते हैं।
सलीमा ने कहा, मुख्य कोच शोर्ड मारिन के मार्गदर्शन में, टीम अपनी पोजिशनल फ्लेक्सिबिलिटी (अलग-अलग पोजिशन पर खेलने की क्षमता) पर भी काम कर रही है। इससे यह सुनिश्चित होगा कि अगर टूर्नामेंट के दौरान चोट या किसी अन्य वजह से बदलाव की जरूरत पड़ती है, तो खिलाड़ी आसानी से ढल सकें।
उन्होंने कहा कि हम परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने और अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं। यही सही दृष्टिकोण है, जो हमें जरूरत पड़ने पर किसी भी स्तर पर खेलने के लिए तैयार रखता है। हर खिलाड़ी इस चुनौती को स्वीकार करने के लिए उत्साहित है और इससे टीम का माहौल भी सकारात्मक बना रहता है।
भारतीय टीम में अनुभवी गोलकीपर सविता नहीं होंगी, जिन्हें आराम दिया गया है। उनकी जगह बंसरी सोलंकी टीम में शामिल हुई हैं, जबकि बिचू देवी भी गोलकीपर के तौर पर एक विकल्प हैं।
सलीमा ने कहा, “अनुभव के स्तर में फर्क तो है, लेकिन हमारे पास बिचू (देवी) हैं, जो पूरे साल शानदार फॉर्म में रही हैं। वहीं, बंसरी बहुत मेहनती हैं और हमेशा कुछ नया सीखने के लिए उत्सुक रहती हैं, जो कि एक बहुत ही सकारात्मक बात है। टीम में आने वाले हर खिलाड़ी पर हमें पूरा भरोसा है और गोलकीपरों के मामले में भी यही बात लागू होती है।”
इस टूर्नामेंट के जरिए भोपाल में पहली बार अंतरराष्ट्रीय हॉकी का आयोजन हो रहा है, जिससे भारतीय खिलाड़ियों के लिए यह मौका और भी खास हो गया है।
सलीमा ने कहा, “हम भोपाल में खेलने के लिए बहुत उत्साहित हैं। यह यहां होने वाला पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट है। अपने घरेलू मैदान पर खेलना और दर्शकों का उत्साहवर्धन मिलना हमेशा एक बहुत ही खास अहसास होता है।”
मध्य प्रदेश महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 का आयोजन 19 से 28 नवंबर तक होगा। तीन बार की चैंपियन भारतीय टीम इस बार भी खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे