हॉकी इंडिया वार्षिक पुरस्कार में डबल नॉमिनेशन से आत्मविश्वास से भरे प्रिंस दीप ने कहा- इससे मेरे मन के कई संदेह दूर हुए

 


नई दिल्ली, 25 मार्च (हि.स.)। हॉकी इंडिया के 8वें वार्षिक पुरस्कार 2025 में ‘गोलकीपर ऑफ द ईयर’ और ‘अपकमिंग प्लेयर ऑफ द ईयर (अंडर-21 पुरुष)’ के लिए नामित होने वाले प्रिंस दीप सिंह के लिए यह उपलब्धि सिर्फ एक सम्मान नहीं, बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाने वाला बड़ा मोड़ है।

प्रिंस ने हॉकी इंडिया के हवाले से कहा, “मैं बहुत खुश और गर्व महसूस कर रहा हूं। आमतौर पर ऐसे अवॉर्ड के लिए समय लगता है, लेकिन मुझे जल्दी मौका मिला। इससे मेरे मन के कई संदेह दूर हुए और अब लगता है कि मैं सही दिशा में हूं।”

युवा गोलकीपर ने अपने अब तक के सफर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा दबाव में खुद को साबित करने की कोशिश की है।

जूनियर वर्ल्ड कप में अहम मुकाबलों को याद करते हुए उन्होंने कहा, “ऐसे मैचों में टीम का भरोसा बहुत मायने रखता है। जब साथियों ने मुझ पर विश्वास जताया, तो मेरा आत्मविश्वास और बढ़ गया और मैं टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन कर सका।”

प्रिंस ने बताया कि उनका करियर गोलकीपर के रूप में शुरू नहीं हुआ था। उन्होंने कहा, “मैं शुरुआत में डिफेंडर था, लेकिन फुटबॉल खेलते समय गोलकीपिंग करता था। वहीं मेरे कोच ने मेरी काबिलियत पहचानी और मुझे हॉकी में गोलकीपर बनने के लिए कहा। वहीं से मेरी असली यात्रा शुरू हुई।”

गोलकीपिंग को मानसिक रूप से चुनौतीपूर्ण बताते हुए प्रिंस ने कहा, “इस पोजीशन पर हमेशा दबाव रहता है- चाहे दर्शकों का हो या मैच की स्थिति का। मैं मैच से एक दिन पहले ही मानसिक तैयारी शुरू कर देता हूं। मैदान पर लगातार संवाद बनाए रखना मुझे नियंत्रण में रखता है।”

सीनियर टीम में अभी तक पदार्पण नहीं करने के बावजूद दिग्गज गोलकीपर्स के साथ नामांकन पर उन्होंने कहा, “भारत में गोलकीपर्स की मजबूत प्रतिस्पर्धा है। ऐसे खिलाड़ियों के बीच नाम आना मेरे लिए बहुत खास है और इससे मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।”

अंत में उन्होंने अपने लक्ष्य को स्पष्ट करते हुए कहा, “मेरा सपना भारतीय सीनियर टीम का मुख्य गोलकीपर बनना और देश के लिए ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतना है। अगर मुझे यह अवॉर्ड मिलता है, तो मैं इसे अपने परिवार को समर्पित करूंगा, क्योंकि उनका समर्थन ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे