मनदीप सिंह ने पूरे किए 300 सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैच, हॉकी इंडिया ने दी बधाई
काकामिगाहारा, 01 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के स्टार फॉरवर्ड मनदीप सिंह ने गुरुवार को एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 300 सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे कर लिए। उन्होंने यह उपलब्धि जापान के काकामिगाहारा में पाकिस्तान के खिलाफ एशियाई खेल 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले के दौरान हासिल की।
31 वर्षीय मनदीप ने 2013 में 18 साल की उम्र में सीनियर भारतीय टीम के लिए पदार्पण किया था। हॉकी इंडिया लीग में सेंटर फॉरवर्ड के रूप में उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह मिली थी। इसके बाद उन्होंने कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भारत का प्रतिनिधित्व किया और टीम की सफलताओं में योगदान दिया।
उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का शुरुआती महत्वपूर्ण पड़ाव 2016 में आया, जब वह जूनियर विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। इसके बाद उनका करियर ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और अन्य प्रमुख वैश्विक एवं महाद्वीपीय प्रतियोगिताओं में कई पदकों से सजा।
मनदीप टोक्यो 2020 और पेरिस 2024 ओलंपिक में लगातार कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे। एशियाई खेलों में उन्होंने 2023 में हांगझोउ में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम में भूमिका निभाई, जबकि 2018 में जकार्ता एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे।
उनके पदक संग्रह में बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों का रजत पदक तथा 2016 और 2018 चैंपियंस ट्रॉफी के रजत पदक भी शामिल हैं। महाद्वीपीय प्रतियोगिताओं में उन्होंने 2025 एशिया कप में स्वर्ण और 2013 में रजत पदक जीता। वह 2018 और 2023 में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे।
भारतीय खेल में उनके योगदान को देखते हुए मनदीप को 2021 में प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने मनदीप को बधाई देते हुए कहा, “300 सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करना एक शानदार उपलब्धि है और भारतीय हॉकी के प्रति मनदीप के समर्पण का प्रमाण है। हॉकी इंडिया की ओर से मैं इस विशेष उपलब्धि पर उन्हें बधाई देता हूं और भारतीय जर्सी में उनके निरंतर सफल प्रदर्शन तथा कई और यादगार पलों की कामना करता हूं।”
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी मनदीप को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा, “300 सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करना एक दशक से अधिक लंबे करियर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वह कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत की यात्रा का अहम हिस्सा रहे हैं और उन्होंने हमेशा देश का प्रतिनिधित्व गर्व के साथ करने की जिम्मेदारी निभाई है। हॉकी इंडिया की ओर से मैं मनदीप को बधाई देता हूं और अंतरराष्ट्रीय हॉकी में उनके कई और सफल वर्षों की कामना करता हूं।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे