महिला जूनियर एशिया कप: भारत ने जीत के साथ शुरु किया अभियान, दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराया

 


मोक्वी, चीन, 05 सितंबर (हि.स.)। गत चैंपियन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने महिला जूनियर एशिया कप चीन 2026 में अपने खिताब बचाने के अभियान की शानदार शुरुआत की। भारत ने शनिवार को अपने पहले मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर तीन अंक हासिल किए।

पिछली दो बार की चैंपियन भारतीय टीम ने पूरे मुकाबले में संयमित और प्रभावशाली प्रदर्शन किया। भारत की ओर से सानिका चंद्रकांत माने, पूर्णिमा यादव, पूजा साहू और मधु सिदार ने गोल किए।

भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और पहले क्वार्टर में कई मौके बनाए। आठवें मिनट में सानिका चंद्रकांत माने ने गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। भारत ने इस क्वार्टर में दो पेनल्टी कॉर्नर भी हासिल किए लेकिन दोनों मौकों को गोल में नहीं बदल सका।

दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारत ने फिर दबाव बनाया और एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। शुरुआती प्रयास के बाद दोबारा पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारतीय टीम गोल नहीं कर सकी। इसके बाद दक्षिण कोरिया ने बराबरी के लिए दबाव बनाया और पांच मिनट के भीतर लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने शानदार बचाव करते हुए कोरियाई हमलों को नाकाम कर दिया।

दूसरे क्वार्टर के अंतिम क्षणों में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस बार भारत ने शानदार रणनीति के साथ इसे अंजाम दिया और 30वें मिनट में पूर्णिमा यादव ने गोल कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। मध्यांतर तक भारत इसी स्कोर से आगे रहा।

तीसरे क्वार्टर में दक्षिण कोरिया ने वापसी की कोशिश की लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने मजबूती से उसका सामना किया। भारतीय अग्रिम पंक्ति ने भी जवाबी हमलों के जरिए खतरा बनाए रखा। क्वार्टर के अंतिम क्षणों में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे पूजा साहू ने गोल में बदल कर भारत की बढ़त 3-0 कर दी।

अंतिम क्वार्टर में तीन गोल की बढ़त के बावजूद भारत ने आक्रमण जारी रखा। 51वें मिनट में मधु सिदार ने गोल कर भारत को 4-0 से आगे कर दिया। दक्षिण कोरिया ने हार नहीं मानी और 57वें मिनट में किल गाबिन ने पेनल्टी कॉर्नर पर रणनीतिक बदलाव के जरिए गोल कर अंतर 1-4 कर दिया।

इसके बाद भारतीय टीम ने अंतिम मिनटों में मजबूती से खेलते हुए दक्षिण कोरिया को कोई और मौका नहीं दिया और 4-1 से जीत दर्ज की।

भारतीय जूनियर महिला टीम अब अपने दूसरे मुकाबले में 6 सितंबर को मलेशिया का सामना करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे