एफआईएच विश्व कप 2026 क्वालीफायर्स के लिए हैदराबाद पहुंची इटली महिला हॉकी टीम
हैदराबाद, 04 मार्च (हि.स.)। एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 क्वालीफायर्स हैदराबाद, तेलंगाना के लिए इटली की महिला राष्ट्रीय हॉकी टीम मंगलवार को हैदराबाद पहुंच गई। यह टूर्नामेंट 8 से 14 मार्च तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें आठ टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के जरिए अगस्त में बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले प्रतिष्ठित विश्व कप के लिए तीन अहम स्थानों का फैसला होगा।
इटली की टीम को पूल-ए में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला इंग्लैंड, कोरिया और ऑस्ट्रिया से होगा। यूरोपीय टीम इससे पहले दो बार एफआईएच हॉकी विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर चुकी है—पहली बार 1976 में और हाल ही में 2018 में। 2018 में टीम ने नौवें स्थान पर रहकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था।
इटली अपने अभियान की शुरुआत 8 मार्च को इंग्लैंड के खिलाफ करेगी। इसके बाद 9 मार्च को ऑस्ट्रिया और 11 मार्च को कोरिया से उसका मुकाबला होगा।
इटली महिला हॉकी टीम की कप्तान सारा पुग्लीसी ने आगमन के मौके पर कहा, “हम टीम के साथ अच्छी तैयारी के बाद हैदराबाद पहुंचे हैं। हम प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हैं और विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे। यही हमारी उम्मीद है और इसी के लिए हमने कड़ी मेहनत की है।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे