भारतीय महिला हॉकी टीम 24 घंटे में पांचवें से चौथे स्थान पर पहुंची, विश्व रैंकिंग में बनाया नया इतिहास
- जापान को 4-0 से हराकर हासिल की करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग, एक दिन पहले चीन पर जीत के बाद पहली बार शीर्ष पांच में बनाई थी जगह
भोपाल, 25 नवंबर (हि.स.)। भारतीय महिला हॉकी टीम ने महज 24 घंटे के भीतर अपनी ही उपलब्धि को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया है। मध्य प्रदेश महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 में जापान को 4-0 से हराने के बाद भारतीय टीम अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ की ताजा विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। इससे एक दिन पहले ही चीन को 6-2 से हराकर टीम पहली बार विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर पहुंची थी।
भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में मिली जापान के खिलाफ जीत ने भारतीय टीम को अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में अब तक की सर्वश्रेष्ठ स्थिति दिलाई। एशिया की दो मजबूत टीमों चीन और जापान के खिलाफ लगातार मिली जीत से भारत की रैंकिंग में यह बड़ी छलांग लगी है। जापान पर 4-0 की जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और लीग चरण में अपना अजेय अभियान पूरा करते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
चीन के खिलाफ भारत की 6-2 की जीत भी खास रही थी। महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में चीन के खिलाफ भारत की यह सबसे बड़ी जीत थी। इससे पहले भारतीय टीम ने 2013 के संस्करण में चीन को 4-2 से हराया था। इसके बाद जापान के खिलाफ मिली जीत ने टीम के बढ़ते आत्मविश्वास, निरंतरता और शानदार प्रदर्शन करने की क्षमता को और मजबूत किया।
भारत ने टूर्नामेंट में मलेशिया, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया, चीन और जापान को हराया है। कप्तान सलीमा टेटे की अगुवाई में गत चैंपियन भारतीय टीम अब महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का रिकॉर्ड चौथा खिताब जीतने और लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने के लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंचना भारतीय महिला हॉकी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अक्टूबर 2003 में अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ की विश्व रैंकिंग शुरू होने के बाद भारतीय टीम की पिछली सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग नौवीं थी, जो 2018 में विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद हासिल हुई थी। टोक्यो 2020 ओलंपिक खेलों में चौथा स्थान हासिल करने के बाद टीम आठवें नंबर पर पहुंची थी। इसके बाद 2022 में एफआईएच प्रो लीग में शानदार प्रदर्शन के दम पर मई-जून में छठा स्थान हासिल किया था। भारतीय टीम 2023 में भी छठे स्थान पर पहुंची थी।
भारतीय हॉकी के लिए 2026 का साल शानदार उपलब्धियों से भरा रहा है। टीम ने एफआईएच नेशंस कप का खिताब जीता, एफआईएच हॉकी विश्व कप में ऐतिहासिक पांचवां स्थान हासिल किया, जो 1974 के बाद उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसके अलावा 44 साल के अंतराल के बाद एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया। अब विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंचना इस यादगार वर्ष की एक और बड़ी उपलब्धि बन गया है। इससे अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी में भारत की मजबूत स्थिति भी स्थापित हुई है।
भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने बधाई देते हुए कहा, “विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंचना भारतीय हॉकी के लिए गर्व का क्षण है। यह हमारे खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का प्रमाण है। विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर पहुंचने के 24 घंटे के भीतर यह उपलब्धि हासिल करना इसे और भी खास बनाता है। टीम ने देश को गौरवान्वित किया है और हमें विश्वास है कि वह इसी लय को बरकरार रखेगी और एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का एक और खिताब देश के नाम करेगी।”
हिन्दुस्थान समाचार/सुनील दुबे
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय