अंडर-18 एशिया कप : भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमें सेमीफाइनल मुकाबलों के लिए तैयार

 


- महिला टीम का मुकाबला चीन से, जबकि पुरुष टीम पाकिस्तान से भिड़ेगी

काकामिगाहारा (जापान), 04 जून (हि.स.)। भारतीय अंडर-18 महिला और पुरुष हॉकी टीमें अंडर-18 एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबलों के लिए पूरी तरह तैयार हैं। दोनों टीमों ने पूल चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम चार में जगह बनाई है।

महिला टीम ने अपराजित रहते हुए किया सेमीफाइनल में प्रवेश

भारतीय अंडर-18 महिला टीम ने पूल-ए में अपने सभी तीन मुकाबले जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया। टीम ने पूल चरण में कुल 30 गोल किए और केवल 2 गोल खाए।

भारत ने अभियान की शुरुआत मलेशिया पर 2-1 की कड़ी जीत से की। इसके बाद कोरिया को 3-1 से हराया और अंतिम मुकाबले में सिंगापुर को 25-0 से रौंदकर सेमीफाइनल में धमाकेदार अंदाज में प्रवेश किया।

भारतीय टीम के लिए अब तक नौशीन नाज सबसे सफल गोल स्कोरर रही हैं, जिन्होंने 10 गोल किए हैं। गीथाश्री नम्मी ने 5 गोल, कप्तान स्वीटी कुजूर ने 4 गोल और प्रियंका मिन्ज़ ने 3 गोल किए हैं।

अब भारत का सामना चीन से होगा, जिसने पूल-बी में दो जीत और एक ड्रॉ के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। यह मुकाबला 5 जून को सुबह 9:30 बजे (भारतीय समयानुसार) खेला जाएगा।

महिला टीम की मुख्य कोच रानी ने कहा, “अब तक का सफर शानदार रहा है। यह इन खिलाड़ियों का पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट है और उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। हमारा पूरा ध्यान अब चीन के खिलाफ सेमीफाइनल पर है। हम अपनी हॉकी खेलना चाहते हैं, आक्रामक रहना चाहते हैं और मिले मौकों को गोल में बदलना चाहते हैं।”

उन्होंने कहा कि टीम फिट है और हर गेंद के लिए संघर्ष करने को तैयार है।

पुरुष टीम की नजर पाकिस्तान को हराकर फाइनल में पहुंचने पर

भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने पूल-ए में तीन जीत और एक हार के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। टीम ने अब तक 32 गोल किए और केवल 6 गोल खाए।

भारत ने अपने पहले मुकाबले में कजाखस्तान को 13-0 से हराया, लेकिन दूसरे मैच में मेजबान जापान से 2-4 से हार गया। इसके बाद टीम ने शानदार वापसी करते हुए कोरिया को 4-1 और चीनी ताइपे को 13-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

भारतीय कप्तान केतन कुशवाहा अब तक 7 गोल कर चुके हैं, जबकि आशीष तानी पुर्ती ने 6 गोल किए हैं। गाज़ी खान और शाहरुख अली ने 3-3 गोल का योगदान दिया है।

भारत अब 5 जून को दोपहर 3:30 बजे (भारतीय समयानुसार) सेमीफाइनल-2 में पाकिस्तान से भिड़ेगा। पाकिस्तान ने पूल-बी में शीर्ष स्थान हासिल किया था।

पुरुष टीम के कोच सरदार सिंह ने कहा, “चार मैचों के बाद हमने उन क्षेत्रों की पहचान की है जहां सुधार की जरूरत है, खासकर पेनल्टी कॉर्नर अटैक और डिफेंस में। खिलाड़ी अब आधुनिक हॉकी की मांग को समझ चुके हैं और टीम की एकजुटता हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”

मुकाबलों का कार्यक्रम:

भारतीय महिला टीम बनाम चीन — 5 जून, सुबह 9:30 बजे (IST)

भारतीय पुरुष टीम बनाम पाकिस्तान — 5 जून, दोपहर 3:30 बजे (IST)

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे