भारत ने चीन को 3-1 से हराकर जीती महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी, चौथी बार बना चैंपियन

 


भोपाल, 28 नवंबर (हि.स.)। भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही भारत ने चौथी बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। भारत इस प्रतियोगिता के इतिहास की सबसे सफल टीम बन गया है। भारतीय टीम ने लगातार तीसरी बार खिताब जीतकर अपनी हैट्रिक भी पूरी की।

मुकाबले के पहले क्वार्टर में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद चीन ने 25वें मिनट में चेन युजुन के मैदानी गोल की बदौलत 1-0 की बढ़त बना ली। मध्यांतर तक चीन की टीम इसी बढ़त पर कायम रही।

भारतीय टीम ने तीसरे क्वार्टर में शानदार वापसी की। दीपिका ने 38वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद 42वें मिनट में इशिका ने मैदानी गोल दागकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। दीपिका ने 43वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करते हुए भारत की बढ़त 3-1 कर दी।

आखिरी क्वार्टर में भारतीय टीम ने अपनी बढ़त बरकरार रखी और 3-1 से मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया।

भारत ने लगातार तीन खिताब जीतकर बनाई हैट्रिक

महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भारत का दबदबा लगातार बढ़ा है। भारतीय टीम ने पहली बार 2016 में सिंगापुर में आयोजित प्रतियोगिता का खिताब जीता था। इसके बाद 2023 में रांची और 2024 में राजगीर में चैंपियन बनी। अब 2026 में भोपाल में चीन को हराकर भारत ने लगातार तीसरी और कुल चौथी बार खिताब अपने नाम किया।

भारत ने 2016 के फाइनल में चीन को 2-1 से, 2023 में जापान को 4-0 से और 2024 में चीन को 1-0 से हराया था। वहीं, 2026 के फाइनल में चीन को 3-1 से शिकस्त दी।

भारत सबसे सफल टीम, दक्षिण कोरिया दूसरे स्थान पर

महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में भारत चार खिताब के साथ सबसे सफल टीम है। दक्षिण कोरिया ने तीन बार (2010, 2011 और 2018) इस प्रतियोगिता का खिताब जीता है। जापान दो बार (2013 और 2021) चैंपियन बना है।

दीपिका को मिले दो पुरस्कार

टूर्नामेंट के समापन पर खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। जापान की कुडो यू को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया, जबकि चीन की वेई किक्सियाओ को जेएसडब्ल्यू राइजिंग स्टार ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला। भारत की दीपिका टूर्नामेंट की शीर्ष स्कोरर रहीं। उन्हें मध्य प्रदेश की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।

फाइनल में गोल करने वाली खिलाड़ी

भारत : दीपिका (38वें और 43वें मिनट), इशिका (42वें मिनट)।

चीन : चेन युजुन (25वें मिनट)।

टूर्नामेंट के प्रमुख पुरस्कार

- सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर : कुडो यू (जापान)

- जेएसडब्ल्यू राइजिंग स्टार : वेई किक्सियाओ (चीन)

- शीर्ष स्कोरर : दीपिका (भारत)

- मध्य प्रदेश की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी : दीपिका (भारत)

महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के विजेता

- भारत : 4 बार (2016, 2023, 2024, 2026)

- दक्षिण कोरिया : 3 बार (2010, 2011, 2018)

- जापान : 2 बार (2013, 2021)

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे