एफआईएच प्रो लीग: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया को शूटआउट में 3-1 से हराया

 


बोनस अंक के साथ होबार्ट चरण का किया समापन

होबार्ट, 25 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने नियमित समय में 1-1 की बराबरी के बाद शूटआउट में ऑस्ट्रेलिया को 3-1 से पराजित कर बोनस अंक हासिल किया और एफआईएच प्रो लीग 2025-26 के होबार्ट चरण का सकारात्मक समापन किया।

भारतीय टीम के लिए शिलानंद लाकड़ा (51वां मिनट) ने गोल किया, जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान जेरेमी हेवर्ड (49वां मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर बढ़त दिलाई। शूटआउट में शिलानंद लाकड़ा, मनिंदर सिंह और विष्णुकांत सिंह ने अपने प्रयास सफलतापूर्वक पूरे किए। युवा गोलकीपर मोहित होन्नेनहल्ली शशिकुमार ने तीन निर्णायक बचाव कर भारत को जीत दिलाई।

पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला रहा। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने गेंद पर अधिक नियंत्रण रखा, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने मजबूती दिखाई और जवाबी आक्रमण किए। शुरुआती मिनटों में मोहित होन्नेनहल्ली शशिकुमार ने दो महत्वपूर्ण बचाव किए। 11वें मिनट में भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, पर अमनदीप लाकड़ा का ड्रैग फ्लिक पहले रक्षक से टकरा गया। इसके बाद अभिषेक का प्रयास मामूली अंतर से गोल से बाहर चला गया।

दूसरे क्वार्टर में भी मुकाबला बराबरी का रहा। 16वें मिनट में अभिषेक ने सर्कल के भीतर से पास दिया, लेकिन मनमीत सिंह का शॉट ऑस्ट्रेलियाई गोलकीपर ने रोक लिया। 25वें मिनट में ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने शानदार बचाव किया।

तीसरे क्वार्टर में 38वें मिनट पर भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन अराइजीत सिंह हुंडाल का प्रयास विफल रहा। 42वें और 45वें मिनट में ऑस्ट्रेलिया को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले। पहले मौके पर जोएल रिंटाला का ड्रैग फ्लिक पोस्ट से टकराया और मोहित शशिकुमार ने रेखा पर बेहतरीन बचाव किया।

अंतिम क्वार्टर में 49वें मिनट में जेरेमी हेवर्ड ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर ऑस्ट्रेलिया को 1-0 की बढ़त दिलाई। भारत ने 51वें मिनट में जवाब दिया, जब हार्दिक सिंह के पास पर अभिषेक ने आगे बढ़ते हुए पूवन्ना चंदुरा बॉबी को गेंद सौंपी और उनके सटीक पास पर शिलानंद लाकड़ा ने मैदानी गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया।

निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं और मुकाबला शूटआउट में पहुंचा। शूटआउट में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 3-1 से जीत दर्ज की। मोहित होन्नेनहल्ली शशिकुमार के शानदार बचावों की बदौलत भारत ने बोनस अंक हासिल करते हुए होबार्ट चरण का सफल समापन किया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे