विश्व स्कूल गोल्फ चैंपियनशिप में देवव्रत ने जीता कांस्य, भारत पांचवें स्थान पर
-19 देशों की टीमों के बीच छह भारतीय खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
मोरक्को, 10 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय स्कूल खेल संगठन (आईएसएसओ) की भारतीय टीम ने मोरक्को में आयोजित विश्व स्कूल गोल्फ चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय गोल्फर देवव्रत ने अंडर-15 वर्ग में कांस्य पदक जीता, जबकि टीम स्पर्धा में भारतीय दल पांचवें स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में दुनिया भर की 19 टीमों ने हिस्सा लिया।
टैगाजाउट-अगादिर में 2 से 8 नवंबर तक आयोजित इस चैंपियनशिप में भारत की ओर से छह छात्र-गोल्फरों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
देवव्रत का कांस्य पदक चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में आया। प्रतियोगिता के दौरान तेज हवाओं और लगातार बारिश ने खिलाड़ियों की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। ऐसे हालात में देवव्रत ने शानदार संयम और दृढ़ता का परिचय दिया। उन्होंने फ्रंट नाइन में तीन अंडर पार का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पोडियम पर जगह बनाई।
टीम स्पर्धा में भारत का पांचवां स्थान हासिल करना भी महत्वपूर्ण रहा। छह भारतीय खिलाड़ियों को दुनिया की अन्य स्कूल टीमों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अनुभव मिला, जो उनके खेल विकास के लिए उपयोगी साबित होगा।
आईएसएसओ की निदेशक आकांक्षा थापाक ने टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा, “देवव्रत का कांस्य पदक आईएसएसओ और भारतीय स्कूल खेलों के लिए गर्व का क्षण है। आईएसएसओ में हम युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव और सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ऐसे अनुभव खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाने, उनके कौशल को निखारने और उन्हें आगे की बड़ी चुनौतियों के लिए तैयार करने में मदद करते हैं। पूरे भारतीय दल को उनके प्रदर्शन के लिए बधाई।”
यह चैंपियनशिप आईएसएसओ के लिए स्कूली खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय खेल मंच उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण अवसर रही। इससे खिलाड़ियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा का अनुभव हासिल करने, दूसरे देशों के खिलाड़ियों के साथ खेल संबंध विकसित करने और अपने खेल में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए जरूरी कौशल तथा आत्मविश्वास बढ़ाने का मौका मिला।
क्या है आईएसएसओ
इंटरनेशनल स्कूल्स स्पोर्ट्स ऑर्गनाइजेशन (आईएसएसओ) एक प्रमुख खेल संचालन संस्था है, जो भारत में इंटरनेशनल स्कूलों के छात्रों के लिए व्यवस्थित प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराने और खेल कौशल को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। अपनी राष्ट्रीय चैंपियनशिप और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने के अवसरों के माध्यम से आईएसएसओ का उद्देश्य युवा खेल प्रतिभाओं को निखारना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करना और छात्रों के लिए अपनी क्षमताओं को विकसित करने के रास्ते बनाना है ताकि वे प्रतिष्ठित खेल मंचों पर अपने स्कूल और देश का प्रतिनिधित्व कर सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे