भारत में फॉर्मूला-1 सही समय और मजबूत योजना के साथ लौटेगा : स्टेफानो डोमेनिकाली

 


नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। फॉर्मूला-1 के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और अध्यक्ष स्टेफानो डोमेनिकाली ने भारत को मोटरस्पोर्ट के लिए बेहद संभावनाशील बाजार बताते हुए कहा है कि आने वाले वर्षों में भारत फॉर्मूला-1 की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बनने जा रहा है। उन्होंने संकेत दिए कि भारतीय ग्रां प्री की वापसी को लेकर गंभीर स्तर पर विचार चल रहा है, हालांकि इसके लिए दीर्घकालिक और मजबूत योजना जरूरी होगी।

फैनकोड से विशेष बातचीत में डोमेनिकाली ने भारत को जुनून, ऊर्जा और युवा दर्शकों वाला देश बताया। उन्होंने कहा कि भारत का बाजार न केवल विशाल है, बल्कि यहां के दर्शक तेजी से युवा और विविध हो रहे हैं, जो फॉर्मूला-1 के भविष्य के लिए बेहद अहम है।

उन्होंने कहा, “भारत हमारे लिए एक असाधारण बाजार है। यहां खेल के प्रति उत्साह लगातार बढ़ रहा है और भविष्य में इसकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होगी।”

भारतीय ग्रां प्री की वापसी पर क्या बोले डोमेनिकाली

भारत में फॉर्मूला-1 रेस की संभावित वापसी को लेकर पूछे गए सवाल पर डोमेनिकाली ने कहा कि फॉर्मूला-1 की भारत वापसी की इच्छा स्पष्ट है लेकिन इसके लिए सही साझेदार, सही निवेश और सही समय का इंतजार करना होगा।

उन्होंने कहा, “भारत लौटने में हमारी गहरी रुचि है। हालांकि यह बहुत निकट भविष्य में संभव नहीं दिखता लेकिन अगले पांच वर्षों के भीतर संभावनाओं को नकारा नहीं जा सकता। अभी कोई निश्चित तारीख तय नहीं हुई है लेकिन हर स्तर पर बढ़ती रुचि दिखाई दे रही है।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत में वापसी केवल एक रेस आयोजन नहीं होगी बल्कि बड़े स्तर का खेल और मनोरंजन मंच तैयार किया जाएगा।

स्थानीय दर्शकों तक पहुंच बनाने पर रहेगा जोर

डोमेनिकाली ने कहा कि फॉर्मूला-1 अब केवल खेल नहीं बल्कि मनोरंजन और संस्कृति से जुड़ा वैश्विक मंच बन चुका है। भारत में दर्शकों तक पहुंच बढ़ाने के लिए स्थानीय भाषा और क्षेत्रीय जुड़ाव को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि फॉर्मूला-1 भारत में फैनकोड के साथ मिलकर हिंदी और तमिल जैसी भाषाओं में प्रसारण, विशेष सामग्री और दर्शक सहभागिता कार्यक्रमों पर काम कर रहा है।

इसके अलावा उन्होंने संकेत दिए कि भविष्य में बॉलीवुड से जुड़े सहयोगी प्रोजेक्ट भी भारतीय दर्शकों को जोड़ने के लिए शुरू किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा, “भारत हमारी प्राथमिकता सूची में शामिल है। यहां के दर्शकों तक उनकी भाषा और संस्कृति के माध्यम से पहुंचना ही हमारी आगे की रणनीति होगी।”

फॉर्मूला-1 प्रबंधन के इस बयान ने भारतीय मोटरस्पोर्ट प्रशंसकों के बीच एक बार फिर भारतीय ग्रां प्री की वापसी की उम्मीदों को मजबूत कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे