यामल पूरी तरह फिट, नॉकआउट मुकाबलों में पूरे 90 मिनट खेलने को तैयार : लुइस डे ला फुएंते
इंगलवुड (कैलिफोर्निया), 02 जुलाई (हि.स.)। स्पेन के मुख्य कोच लुइस डे ला फुएंते ने बुधवार को कहा है कि युवा स्टार लामिन यामल अब पूरी तरह फिट हैं और फीफा विश्व कप 2026 के नॉकआउट मुकाबलों में जरूरत पड़ने पर पूरे 90 मिनट खेलने के लिए तैयार हैं।
18 वर्षीय बार्सिलोना विंगर हैमस्ट्रिंग चोट से उबरने के बाद विश्व कप के ग्रुप चरण में केवल 141 मिनट ही खेल सके और तीन मैचों में सिर्फ एक गोल किया। उनकी फिटनेस को ध्यान में रखते हुए स्पेन टीम प्रबंधन ने उनके खेलने के समय को सीमित रखा था।
ऑस्ट्रिया के खिलाफ राउंड ऑफ-32 मुकाबले से पहले पत्रकारों से बातचीत में डे ला फुएंते ने कहा कि यामल अब पूरी तरह स्वस्थ हैं।
उन्होंने कहा, लामिन जितना समय हम चाहेंगे, उतना खेलने के लिए तैयार हैं। हमने उनकी रिकवरी को लेकर सावधानी बरती थी, लेकिन अब वह पूरी तरह फिट हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि वह खुद भी मैदान पर उतरने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
कोच ने मुस्कुराते हुए कहा, देखते हैं कि वह कल खेलते हैं या नहीं।
यामल ने बार्सिलोना के लिए इस सीजन सभी प्रतियोगिताओं में 24 गोल और 17 असिस्ट किए थे, लेकिन अप्रैल में हैमस्ट्रिंग चोट के कारण ला लीगा के अंतिम छह मुकाबले नहीं खेल पाए थे।
विश्व कप में उन्होंने केप वर्डे के खिलाफ पहले मैच में बतौर स्थानापन्न खिलाड़ी मैदान संभाला था। इसके बाद सऊदी अरब के खिलाफ अपने पहले शुरुआती मुकाबले में गोल किया और उरुग्वे के खिलाफ 76 मिनट तक खेले।
स्पेन को अन्य खिलाड़ियों की फिटनेस से भी राहत
स्पेन के लिए अन्य अच्छी खबर भी सामने आई है। विंगर येरेमी पिनो कंधे की चोट से उबर चुके हैं और ऑस्ट्रिया के खिलाफ चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।
वहीं, लिवरपूल से जुड़े विंगर विक्टर मुनोज़ भी मांसपेशियों की चोट से उबर गए हैं, हालांकि लंबे समय बाद वापसी के कारण उनके खेलने पर अंतिम फैसला मैच की परिस्थितियों के अनुसार लिया जाएगा।
निको विलियम्स अभी ऑस्ट्रिया के खिलाफ नहीं खेलेंगे, लेकिन उनकी ग्रोइन इंजरी में सुधार हुआ है और स्पेन यदि अगले दौर में पहुंचता है तो उनके उपलब्ध रहने की संभावना है।
स्पेन ने विश्व कप 2026 के ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीन मैचों में एक भी गोल नहीं खाया और क्लीन शीट के साथ नॉकआउट में प्रवेश किया है। टीम गुरुवार को राउंड ऑफ-32 में ऑस्ट्रिया से भिड़ेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे