फीफा विश्व कप 2026 से पहले मोरक्को के कोच वालिद रेग्रागुई ने दिया इस्तीफा
रबात, 06 मार्च (हि.स.)। मोरक्को की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच वालिद रेग्रागुई ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। यह फैसला उन्होंने फीफा विश्व कप 2026 से कुछ महीने पहले लिया है। पिछले कई हफ्तों से उनके भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, जिसके बाद उन्होंने पद छोड़ने का निर्णय लिया। रेग्रागुई ने अपने इस्तीफे का कारण थकान बताया है।
50 वर्षीय रेग्रागुई ने 2022 में फीफा विश्व कप 2022 में मोरक्को को ऐतिहासिक सेमीफाइनल तक पहुंचाया था। यह किसी भी अफ्रीकी देश का विश्व कप में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इसके अलावा इसी साल जनवरी में उन्होंने टीम को अफ्रीका कप ऑफ नेशंस के फाइनल तक भी पहुंचाया था, जहां मोरक्को को सेनेगल के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अब मोरक्को टीम की कमान मोहम्मद औहबी संभाल सकते हैं। उन्होंने पिछले साल चिली में आयोजित अंडर-20 विश्व कप में मोरक्को की टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
सितंबर 2022 में कोच बनने के बाद रेग्रागुई का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा। उनके कार्यकाल में मोरक्को ने 49 मैचों में 36 जीत दर्ज की, 8 मुकाबले ड्रॉ रहे और सिर्फ 5 में हार मिली। इसी दौरान टीम ने जून 2024 से दिसंबर 2024 के बीच लगातार 19 जीत दर्ज कर राष्ट्रीय टीमों के बीच लगातार सबसे अधिक जीत का विश्व रिकॉर्ड भी बनाया।
बताया जा रहा है कि जनवरी में नेशंस कप के विवादित फाइनल में हार के बाद ही रेग्रागुई इस्तीफा देना चाहते थे। लगभग चार साल तक टीम की जिम्मेदारी संभालने के बाद वह मानसिक और शारीरिक रूप से काफी थक चुके थे। हालांकि मोरक्को फुटबॉल संघ ने उनसे नए कोच के चयन तक पद पर बने रहने का अनुरोध किया था।
मोरक्को की टीम इस महीने दो अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडली मैच खेलेगी। टीम 27 मार्च को मैड्रिड में इक्वाडोर से भिड़ेगी, जबकि चार दिन बाद फ्रांस के लेंस में पैराग्वे के खिलाफ मुकाबला खेलेगी।
आगामी फीफा विश्व कप 2026 में मोरक्को को ग्रुप-C में ब्राज़ील, स्कॉटलैंड और हैती के साथ रखा गया है।
मोरक्को के कप्तान अशरफ हकीमी ने सोशल मीडिया पर रेग्रागुई को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी नेतृत्व क्षमता, जुनून और विजन ने खिलाड़ियों के साथ-साथ पूरे देश और दुनिया भर के प्रशंसकों को प्रेरित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे