प्रीमियर लीग 2026-27: पहले सप्ताह में बने कई रिकॉर्ड, आर्टेटा ने दर्ज की 150वीं जीत

 


चेल्सी ने महज 31 सेकंड में गोल कर नया रिकॉर्ड बनाया

लंदन, 25 अगस्त (हि.स.)। इंग्लिश प्रीमियर लीग के 2026-27 सत्र के पहले सप्ताह ने ही बता दिया कि नया सीजन कितना रोमांचक होने वाला है। पहले गेमवीक में जहां आर्सेनल के मैनेजर मिकेल आर्टेटा ने 150 प्रीमियर लीग जीत का आंकड़ा छुआ, वहीं हुल सिटी ने मैनचेस्टर यूनाइटेड को हराकर इतिहास रचा। लिवरपूल का शुरुआती दिन पर अजेय रहने का सिलसिला भी जारी रहा, जबकि चेल्सी ने महज 31 सेकंड में गोल कर नया रिकॉर्ड बनाया।

आर्टेटा ने 150 जीत पूरी कीं

आर्सेनल ने नए प्रमोटेड क्लब कोवेंट्री सिटी को 3-0 से हराकर अपने खिताबी अभियान की शानदार शुरुआत की। इस जीत के साथ आर्टेटा ने आर्सेनल के मैनेजर के रूप में 150 प्रीमियर लीग जीत पूरी कर लीं। उन्होंने यह उपलब्धि 249 मैचों में हासिल की और 250 से कम मैचों में 150 जीत दर्ज करने वाले चुनिंदा मैनेजरों की सूची में शामिल हो गए।

आर्सेनल ने प्रमोटेड टीमों के खिलाफ घरेलू मैदान पर अपना शानदार रिकॉर्ड भी बरकरार रखा। वह लगातार 46 ऐसे मुकाबलों में अजेय है, जिसमें 41 जीत और पांच ड्रॉ शामिल हैं। आर्सेनल ने इन टीमों के खिलाफ पिछले 17 घरेलू मैच जीते हैं।

हुल ने मैनचेस्टर यूनाइटेड को दिया बड़ा झटका

गेमवीक का सबसे बड़ा उलटफेर हुल सिटी और मैनचेस्टर यूनाइटेड के मुकाबले में देखने को मिला। प्रमोट होकर आई हुल सिटी ने यूनाइटेड को 2-0 से हराया, जबकि मेहमान टीम के पास 71.6 प्रतिशत गेंद का कब्जा था।

यह यूनाइटेड के लीग इतिहास में पहली बार हुआ जब उसे किसी प्रमोटेड टीम के खिलाफ सीजन के शुरुआती मुकाबले में हार मिली। यूनाइटेड पिछले सात सत्र में चार बार अपना पहला प्रीमियर लीग मुकाबला हार चुका है।

लिवरपूल का 14वें साल भी नहीं टूटा सिलसिला

एंडोनी इराओला के नेतृत्व में नए दौर की शुरुआत करने वाले लिवरपूल ने न्यूकैसल के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला। हालांकि, टीम का शुरुआती दिन पर अजेय रहने का सिलसिला जारी रहा।

लिवरपूल लगातार 14 सत्र से प्रीमियर लीग के पहले मुकाबले में नहीं हारा है, जो प्रतियोगिता में इस समय सबसे लंबा सक्रिय रिकॉर्ड है।

न्यूकैसल के खिलाफ मुकाबला भी आखिरी क्षणों के रोमांच के लिए जाना गया। सेंट जेम्स पार्क में दोनों टीमों के बीच लगातार चौथे मुकाबले में 90वें मिनट या उसके बाद मैच का परिणाम बदलने वाला गोल आया। डोमिनिक स्जोबोस्लाई ने 98 मिनट और छह सेकंड पर पेनल्टी को गोल में बदलकर लिवरपूल को अंक दिलाया।

इप्सविच की तीन दशक बाद पहले दिन जीत

इप्सविच टाउन ने सुंदरलैंड को 2-1 से हराकर तीन दशक से ज्यादा पुराना इंतजार खत्म किया। जैक क्लार्क ने 90वें मिनट में विजयी गोल किया।

इप्सविच ने आखिरी बार 1993-94 सत्र में प्रीमियर लीग के शुरुआती मुकाबले में जीत दर्ज की थी। पोर्टमैन रोड पर टीम की यह शीर्ष स्तर पर लगातार नौ घरेलू हार के बाद पहली जीत भी रही।

ब्रेंटफोर्ड ने टॉटेनहम को 3-0 से हराया

ब्रेंटफोर्ड ने टॉटेनहम को 3-0 से हराकर शीर्ष स्तर पर अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। टॉटेनहम की यह प्रीमियर लीग के पहले दिन सबसे बड़ी हार के संयुक्त रिकॉर्ड के बराबर रही।

ब्रेंटफोर्ड का अपेक्षित गोल यानी एक्सजी 3.96 रहा, जो जनवरी 2025 के बाद प्रीमियर लीग के किसी मुकाबले में उसका सबसे ज्यादा आंकड़ा है।

एवर्टन के लिए नदियाये बने अहम खिलाड़ी

एवर्टन ने क्रिस्टल पैलेस को 2-0 से हराकर सीजन की शुरुआत जीत से की। यह अगस्त 2021 के बाद एवर्टन की पहले दिन की पहली जीत रही।

इलिमान नदियाये ने टीम के लिए अपना महत्व फिर साबित किया। 2024-25 सत्र से एवर्टन के लिए वह प्रीमियर लीग में 19 गोल में योगदान दे चुके हैं, जिसमें 15 गोल और चार असिस्ट शामिल हैं।

स्टाच का लंबी दूरी से वार जारी

लीड्स यूनाइटेड ने नॉटिंघम फॉरेस्ट को 1-0 से हराकर लगातार तीसरे सत्र में अपने शुरुआती मुकाबले में जीत दर्ज की।

एंटोन स्टाच ने भी लंबी दूरी से गोल करने की अपनी क्षमता दिखाई। पिछले सत्र की शुरुआत से वह पेनल्टी क्षेत्र के बाहर से पांच प्रीमियर लीग गोल कर चुके हैं, जो इस अवधि में किसी भी खिलाड़ी से ज्यादा हैं। इस दौरान उनके नाम चार सीधे फ्री-किक गोल भी हैं।

प्रमोटेड टीमों ने भी दिखाया दम

पहले सप्ताह में तीन में से दो प्रमोटेड टीमों ने अपने शुरुआती मुकाबले जीत लिए। प्रीमियर लीग के इतिहास में इससे पहले केवल चार बार ऐसा हुआ था। इससे साफ है कि नई टीमों ने शीर्ष स्तर पर केवल टिके रहने के बजाय मुकाबला करने का इरादा दिखाया है।

चेल्सी ने 31 सेकंड में रचा इतिहास

गेमवीक के आखिरी मुकाबले में चेल्सी ने फुलहम को 3-1 से हराया। जोआओ पेड्रो ने सिर्फ 31 सेकंड में गोल कर दिया, जो प्रीमियर लीग के किसी सीजन के शुरुआती मुकाबले में किसी टीम द्वारा किया गया सबसे तेज गोल है।

चेल्सी ने अब प्रीमियर लीग मैचों के पहले मिनट में 13 गोल किए हैं। केवल एवर्टन के नाम इससे ज्यादा 14 गोल हैं।

इस जीत के साथ चेल्सी के नए मैनेजर शाबी अलोंसो ने भी प्रीमियर लीग में अपने अभियान की शुरुआत जीत से की। चेल्सी की शुरुआती एकादश की औसत उम्र सिर्फ 24 साल 43 दिन रही, जो गेमवीक-1 में किसी भी टीम की सबसे युवा शुरुआती एकादश थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे