फीफा विश्व कप 2026: पुर्तगाल प्री-क्वार्टर फाइनल में, क्रोएशिया को 2-1 से हराया
टोरंटो, 03 जुलाई (हि.स.)। क्रिस्टियानो रोनाल्डो के ऐतिहासिक गोल और अतिरिक्त समय में गोंकालो रामोस के विजयी हेडर की बदौलत पुर्तगाल ने शुक्रवार को फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में क्रोएशिया को 2-1 से हराकर अंतिम-16 में जगह बना ली। मुकाबले के आखिरी क्षणों में क्रोएशिया ने बराबरी का गोल किया, लेकिन वीएआर जांच के बाद उसे ऑफसाइड करार देते हुए रद्द कर दिया गया।
मैच का पहला गोल क्रोएशिया ने 53वें मिनट में किया। अनुभवी विंगर इवान पेरिसिच ने पुर्तगाल के गोलकीपर डियोगो कोस्टा को छकाते हुए शानदार फिनिश कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
इसके कुछ ही मिनट बाद रोनाल्डो ने गेंद को जाल में पहुंचाया, लेकिन ऑफसाइड के कारण गोल मान्य नहीं हुआ।
पुर्तगाल को 69वें मिनट में पेनाल्टी मिली, जब रेनाटो वेइगा को निकोला व्लासिच ने बॉक्स के अंदर गिरा दिया। वीएआर समीक्षा के बाद रेफरी ने पेनाल्टी का फैसला दिया। क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने बिना किसी गलती के स्पॉट किक को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया। यह विश्व कप नॉकआउट चरण में रोनाल्डो का पहला गोल भी रहा।
इसके बाद दोनों टीमों ने लगातार आक्रमण किए। क्रोएशिया के मातेओ कोवाचिच का शानदार शॉट गोलकीपर डियोगो कोस्टा ने पोस्ट की ओर धकेल दिया, जबकि मारियो पासालिच का हेडर मामूली अंतर से बाहर चला गया।
निर्धारित समय समाप्त होने के बाद जब मुकाबला अतिरिक्त समय की ओर बढ़ रहा था, तभी चौथे मिनट में राफेल लियाओ के बेहतरीन पास पर गोंकालो रामोस ने हेडर लगाकर पुर्तगाल को 2-1 की बढ़त दिला दी।
ड्रामा यहीं खत्म नहीं हुआ। मैच के अंतिम क्षणों में योश्को ग्वार्डियोल ने क्रोएशिया के लिए बराबरी का गोल कर दिया, लेकिन वीएआर जांच में उन्हें ऑफसाइड पाया गया और गोल रद्द कर दिया गया। इस फैसले से क्रोएशियाई खिलाड़ी और समर्थक निराश हो गए, जबकि पुर्तगाल ने जीत का जश्न मनाया।
इस जीत के साथ पुर्तगाल ने प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उसका सामना स्पेन से 7 जुलाई को डलास में होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे