ब्राजीलियाई क्लब पाल्मेरास को झटका, मिडफील्डर जॉन एरियास चोटिल

 


साओ पाउलो, 28 अगस्त (हि.स.)। ब्राजीलियाई क्लब पाल्मेरास के मिडफील्डर जॉन एरियास मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मिरासोल के खिलाफ ब्राजीलियाई सीरी-ए मुकाबले से बाहर हो गए हैं। अंक तालिका में शीर्ष पर चल रहे पाल्मेरास के लिए एरियास की चोट बड़ा झटका मानी जा रही है।

एरियास को बुधवार को कोपा डो ब्राजील में सैंटोस के खिलाफ पाल्मेरास की 3-0 की जीत के दौरान दाहिनी जांघ में चोट लगी थी। क्लब ने गुरुवार देर रात उनकी चोट को लेकर जानकारी दी।

पाल्मेरास ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, “गुरुवार को की गई चिकित्सकीय जांच में जॉन एरियास की दाहिनी जांघ में चोट की पुष्टि हुई है।”

उरुग्वे के डिफेंडर जोआक्विन पिकेरेज भी मिरासोल के खिलाफ मुकाबले में संदिग्ध हैं। उनकी दाहिनी जांघ में सूजन है। दोनों टीमों के बीच मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।

कप्तान गुस्तावो गोमेज को फिट घोषित कर दिया गया है। सैंटोस के खिलाफ मुकाबले में मांसपेशियों में दर्द के कारण उन्हें हाफ टाइम पर मैदान से बाहर किया गया था।

पाल्मेरास 51 अंकों के साथ ब्राजीलियाई सीरी-ए तालिका में शीर्ष पर है और दूसरे स्थान पर मौजूद फ्लामेंगो से छह अंक आगे है। फ्लामेंगो का एक मैच बाकी है।

इससे पहले पाल्मेरास ने वास्को डा गामा को 4-1 से हराकर अपनी बढ़त मजबूत की थी। जोस मैनुएल लोपेज ने दो गोल किए, जबकि विटोर रोके और मौरिसियो ने एक-एक गोल किया। लोपेज ने 47वें मिनट में खाता खोला, जिसके बाद विटोर रोके ने पेनल्टी पर गोल किया और मौरिसियो ने घंटे के भीतर तीसरा गोल दाग दिया।

लोपेज ने मैच खत्म होने से एक मिनट पहले अपना दूसरा गोल किया, जबकि फाकुंडो कोलिदियो ने इंजरी टाइम में वास्को के लिए सांत्वना गोल किया।

20 टीमों की तालिका में वास्को 22 अंकों के साथ 19वें स्थान पर है। पिछले दौर के अन्य मुकाबलों में कोरितिबा ने कोरिंथियंस को 2-1, शापेकोएंसे ने साओ पाउलो को 1-0 और ब्रागांटिनो ने ग्रेमियो को 1-0 से हराया। बाहिया ने विटोरिया को 2-0 से मात दी, जबकि मिरासोल और सैंटोस का मुकाबला 1-1 से बराबर रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे