फीफा विश्व कप : हैरी केन ने डोनाल्ड ट्रंप के साथ गोल्फ खेलने की पुष्टि की, बोले- यह एक अविस्मरणीय अनुभव था
मियामी, 11 जुलाई (हि.स.)। इंग्लैंड फुटबॉल टीम के कप्तान हैरी केन ने पुष्टि की है कि उन्होंने करीब डेढ़ साल पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ गोल्फ खेला था। केन ने इस मुलाकात को अवास्तविक और यादगार अनुभव बताया और कहा कि ट्रंप का गोल्फ खेल भी काफी अच्छा है।
दरअसल, ट्रंप ने इस सप्ताह इंग्लैंड की मेक्सिको पर 3-2 की जीत के बाद खुलासा किया था कि वह पहले केन के साथ गोल्फ खेल चुके हैं और उन्होंने इंग्लिश कप्तान की फुटबॉल के साथ-साथ गोल्फ की भी तारीफ की थी।
विश्व कप क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे के खिलाफ मुकाबले से पहले मियामी में मीडिया से बातचीत में केन ने कहा, मैंने भी ठीक-ठाक गोल्फ खेला। जब मैं पाम बीच में था तो राष्ट्रपति ने मुझे गोल्फ खेलने के लिए आमंत्रित किया। जब अमेरिका का राष्ट्रपति आपको बुलाए, तो उसे ठुकराना आसान नहीं होता।
उन्होंने कहा, उनसे मिलना और उनके साथ गोल्फ खेलना एक बेहद अलग और अविस्मरणीय अनुभव था। सच कहूं तो उनका गोल्फ खेल काफी अच्छा है। उम्मीद करता हूं कि उनकी उम्र में मैं भी उतना अच्छा खेल सकूं। मैं उनका निमंत्रण पाकर बेहद आभारी हूं।
मेक्सिको के खिलाफ इंग्लैंड की जीत के बाद ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा था, इंग्लैंड के हैरी केन महान खिलाड़ी हैं। इसके अगले दिन उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा, मैंने केन के साथ गोल्फ खेला है। वह शानदार खिलाड़ी हैं और बेहतरीन इंसान भी। उनका गोल्फ भी काफी अच्छा है।
हैरी केन इस विश्व कप में शानदार फॉर्म में हैं। वह अब तक छह गोल कर चुके हैं और गोल्डन बूट की दौड़ में नॉर्वे के एरलिंग हालैंड से केवल एक गोल पीछे हैं। इंग्लैंड अब सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए नॉर्वे से भिड़ेगा।
इस बीच, डोनाल्ड ट्रंप इस सप्ताह फीफा विश्व कप से जुड़ी एक और वजह से भी चर्चा में रहे। उन्होंने फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो से अमेरिका के स्ट्राइकर फोलारिन बालोगुन पर लगे निलंबन को लेकर बातचीत की थी। हालांकि फीफा ने बाद में स्पष्ट किया कि बालोगुन की सजा में बदलाव ट्रंप के हस्तक्षेप की वजह से नहीं किया गया था। बालोगुन बेल्जियम के खिलाफ प्री-क्वार्टर फाइनल में खेले, लेकिन अमेरिका को 4-1 से हार का सामना करना पड़ा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे