संशोधित: ईस्ट बंगाल और जमशेदपुर लगातार तीसरी जीत की तलाश में, पंजाब की नज़र बेंगलुरु  के खिलाफ वापसी पर

 


कोलकाता/बेंगलुरु, 27 फ़रवरी (हि.स.)। ईस्ट बंगाल एफसी आज शाम कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में इंडियन सुपर लीग 2025-26 सीज़न के मैच 16 में जमशेदपुर एफसी से भिड़ेगी। मुकाबले की शुरुआत भारतीय समयानुसार शाम 5 बजे होगी। जबकि दूसरे मैच में बेंगलुरु एफसी, बेंगलुरु स्थित श्री कांतीरवा स्टेडियम में पंजाब एफसी की मेजबानी करेगा। इस मैच की शुरुआत शाम 19:30 बजे होगी।

ईस्ट बंगाल एफसी बनाम जमशेदपुर एफसी

ईस्ट बंगाल एफसी अपनी पिछली भिड़ंत में स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली पर 4-1 की शानदार जीत के बाद तालिका में शीर्ष स्थान पर काबिज है। एडमंड लालरिंदिका, मिगेल फिगुएरा और यूसुफ एजेज्जारी (दो गोल) की बदौलत रेड एंड गोल्ड ब्रिगेड ने आसान जीत दर्ज की।

दोनों टीमों ने अपने शुरुआती दो मुकाबलों में छह-छह अंक अर्जित किए हैं। ऐसे में इस मुकाबले का विजेता अस्थायी रूप से तालिका में शीर्ष स्थान हासिल करेगा।

घरेलू मैदान पर जीत की लय बरकरार रखने की आवश्यकता पर ईस्ट बंगाल एफसी के मुख्य कोच ऑस्कर ब्रूज़ोन ने कहा,“हमारा सबसे महत्वपूर्ण लक्ष्य तीन अंक हासिल करना है, लेकिन हम यह अपने खेल की पहचान और उच्च स्तर के प्रदर्शन के साथ करेंगे। जमशेदपुर ट्रांज़िशन में मजबूत है, सेट-पीस पर खतरनाक है और बेहद संगठित टीम है, इसलिए हमें पूरे 90 मिनट एकाग्र और अनुशासित रहना होगा।”

मिडफील्डर साउल क्रेस्पो ने कहा, “वे एक मजबूत टीम हैं। हम उनके कुछ खिलाड़ियों और उनकी गुणवत्ता को जानते हैं। उनके कोच से भी परिचित हैं। यह कठिन मुकाबला होगा, लेकिन इस सीज़न में हम एक टीम के रूप में आत्मविश्वास से भरे हुए हैं। हमने शानदार शुरुआत की है और घरेलू दर्शकों के समर्थन से इसी लय को जारी रखना चाहते हैं।”

जमशेदपुर एफसी फिलहाल छह अंकों के साथ गोल अंतर के आधार पर चौथे स्थान पर है। ‘मेन ऑफ स्टील’ ने अपने पिछले मुकाबले में पंजाब एफसी को 1-0 से हराया था, जिसमें विंसी बारेटो ने 78वें मिनट में निर्णायक गोल किया। टीम ने लगातार दूसरी क्लीन शीट दर्ज की और अब वे अपनी मजबूत रक्षात्मक संगठन क्षमता को बरकरार रखते हुए आक्रामक शुरुआत करने वाली ईस्ट बंगाल टीम का सामना करेंगे।

ईस्ट बंगाल के घरेलू समर्थन को स्वीकार करते हुए जमशेदपुर एफसी के मुख्य कोच ओवेन कॉयल ने कहा, “कोलकाता में ईस्ट बंगाल के खिलाफ यह बड़ा मुकाबला है। वे शानदार इतिहास और इस सीज़न भारी निवेश वाली टीम हैं। ऑस्कर ब्रूज़ोन मेरे अच्छे मित्र और बेहतरीन कोच हैं, लेकिन मैच के दौरान हम दोनों जीत के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उनके पास मजबूत भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और प्रतिभाशाली विदेशी खिलाड़ी हैं। हमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।”

उन्होंने आगे कहा, “हमेशा तीन-चार गोल करना जरूरी नहीं होता; अनुशासन, कड़ी मेहनत और परिणाम हासिल करना महत्वपूर्ण है। दो मैचों में छह अंक और दो क्लीन शीट इस टीम के चरित्र को दर्शाते हैं।”

मिडफील्डर प्रणय हलदर ने कहा, “ड्रेसिंग रूम का मनोबल बहुत ऊंचा है। हम एक-दूसरे और अपने कोचिंग स्टाफ पर भरोसा करते हैं। यदि हम इसी मानसिकता और जुझारूपन के साथ आगे बढ़ते रहे, तो इस सीज़न कुछ खास हासिल कर सकते हैं।”

ईस्ट बंगाल जहां घरेलू मैदान पर खेल की गति नियंत्रित करना चाहेगी, वहीं जमशेदपुर कॉम्पैक्ट रहते हुए ट्रांज़िशन का फायदा उठाने की कोशिश करेगा। तीन महत्वपूर्ण अंकों की होड़ इस मुकाबले को रोमांचक बनाएगी।

बेंगलुरु एफसी बनाम पंजाब एफसी

बेंगलुरु एफसी अपने घरेलू मैदान पर नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी के खिलाफ 1-1 की बराबरी के बाद जीत की राह पर लौटना चाहेगा। ब्रायन सांचेज़ ने 20वें मिनट में बढ़त दिलाई थी, लेकिन लालरिनज़ुआला लालबियाकनिया के शानदार गोल से मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।

मुख्य कोच रेनेडी सिंह ने कहा, “हमें गेंद पर अधिक नियंत्रण रखना होगा और अंतिम तिहाई में अधिक मौके बनाने होंगे। यदि हम रक्षात्मक रूप से निरंतरता रखें और 90 मिनट तक तीव्रता बनाए रखें, तो जीत के करीब पहुंचेंगे।”

मिडफील्डर लालरेम्तलुआंगा फनाई ने कहा, “कोच की शैली के अनुसार तीव्रता उच्च स्तर की होनी चाहिए। मेरा काम रक्षा में मदद करना और आक्रमण की शुरुआत करना है। मैं इस दोहरी भूमिका का आनंद ले रहा हूं और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में साथियों का भरपूर समर्थन मिलता है।”

पंजाब एफसी को अपने पहले मैच में जमशेदपुर के खिलाफ 0-1 की हार झेलनी पड़ी थी। हालांकि टीम ने लंबे समय तक मजबूती से मुकाबला किया और अंत में देर से गोल खाया। पंजाब को एआईएफएफ सुपर कप के ग्रुप चरण में बेंगलुरु पर मिली जीत से आत्मविश्वास मिलेगा। हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में भी पंजाब का पलड़ा भारी है—उन्होंने दो मैच जीते हैं और एक ड्रॉ खेला है, जबकि बेंगलुरु के नाम एक जीत है।

मुख्य कोच पानागियोटिस डिल्मपेरिस ने कहा, “बेंगलुरु इस सीज़न नए भारतीय कोच के साथ अलग शैली में खेल रही है। वे आक्रामक और रक्षात्मक दोनों रूपों में ढल सकते हैं। लेकिन हमें अपने खेल की गति और पहचान पर ध्यान देना होगा। धैर्य और मेहनत के साथ हम हर मैच में मजबूत होते जाएंगे।”

कप्तान दानी रामिरेज़ ने कहा, “यह छोटा लीग प्रारूप है और हम ज्यादा गलतियों की गुंजाइश नहीं रख सकते। लेकिन यही इसे रोमांचक बनाता है। यदि हम लगातार जीत की लय पकड़ लें, तो तालिका में तेजी से ऊपर पहुंच सकते हैं। हम शांत, आत्मविश्वासी और एकजुट हैं तथा चैंपियन बनने के लिए लड़ने को तैयार हैं।”

बेंगलुरु एफसी घरेलू मैदान पर दबदबा बनाने और गोल के सामने अधिक प्रभावी बनने की कोशिश करेगा, जबकि शेर अनुशासित खेल के साथ अपनी रणनीति को सटीक ढंग से लागू करने का प्रयास करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार