ईस्ट बंगाल छोड़ मोहन बागान से जुड़े मिगुएल फिगुएरा, दो साल का किया करार

 


कोलकाता, 10 जुलाई (हि.स.)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) चैंपियन मोहन बागान सुपर जायंट ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी ईस्ट बंगाल से स्टार मिडफील्डर मिगुएल फिगुएरा को दो साल के अनुबंध पर टीम में शामिल कर लिया है। क्लब ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की।

ब्राजील के मिगुएल फिगुएरा ने भारतीय फुटबॉल में अपने पहले ही सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए ईस्ट बंगाल को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके शानदार खेल के लिए उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (बेस्ट प्लेयर) चुना गया था और गोल्डन बॉल पुरस्कार भी मिला था। पिछले आईएसएल सीजन में फिगुएरा ने 12 मैचों में 2 गोल किए और 5 असिस्ट भी दिए। भारत आने से पहले उन्होंने बांग्लादेश के बशुंधरा किंग्स क्लब के लिए तीन सफल सीजन खेले थे, जहां उनके प्रदर्शन ने उन्हें खास पहचान दिलाई।

मोहन बागान से जुड़ने पर फिगुएरा ने कहा, मोहन बागान के समर्थक बेहद जुनूनी हैं, बिल्कुल ब्राजील के फुटबॉल प्रशंसकों की तरह। पिछले एक साल में कोलकाता में खेलने के दौरान मैंने देखा कि ग्रीन एंड मैरून समर्थक अपनी टीम से कितना प्यार करते हैं। उनके लिए मैच जीतना और ट्रॉफी उठाना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। मुझे ऐसे दबाव में खेलना पसंद है और मैं जल्द ही ग्रीन एंड मैरून जर्सी पहनकर मैदान में उतरने का इंतजार कर रहा हूं। देश के सबसे बड़े क्लब के लिए उसके शानदार समर्थकों के सामने खेलना मेरे लिए बेहद रोमांचक होगा।

उन्होंने आगे कहा, जब मोहन बागान का प्रस्ताव आया तो सबसे पहले मैंने अपनी पत्नी को इसके बारे में बताया। देश के सर्वश्रेष्ठ क्लब से जुड़ने का मौका गंभीरता से सोचने वाला था। हमने कई दिनों तक इस पर चर्चा की और क्लब के साथ भी लगातार बातचीत हुई। आखिरकार मैंने नए सीजन में मोहन बागान सुपर जायंट के लिए खेलने का फैसला किया।

अपनी नई टीम को लेकर उत्साहित फिगुएरा ने कहा, हमारी आक्रमण पंक्ति में जेमी मैकलारेन जैसे स्वाभाविक गोल स्कोरर हैं। मैं उनके साथ मैदान पर शानदार तालमेल दिखाना चाहता हूं और उनके साथ कई यादगार गोल सेलिब्रेशन का हिस्सा बनना चाहता हूं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे