भारतीय अंडर-17 टीम ने गुआम को 12-0 से रौंदा, एएफसी क्वालीफायर में दर्ज की दूसरी जीत

 


कुआलालंपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। भारतीय अंडर-17 पुरुष फुटबॉल टीम ने एएफसी अंडर-17 एशियाई कप उज्बेकिस्तान 2027 क्वालीफायर में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शनिवार को गुआम को 12-0 से करारी शिकस्त दी। मलेशिया के कुआलालंपुर फुटबॉल स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-ई मुकाबले में भारत की यह लगातार दूसरी जीत है। इस जीत के साथ भारतीय टीम छह अंकों के साथ गोल अंतर के आधार पर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।

भारत की ओर से राज सिंह वांगखेमबाम ने चार गोल किए, जबकि कप्तान दलालमुआन गंगटे ने तीन गोल दागे।

लियो थोंगबाम ने पांचवें मिनट में गोल कर भारत का खाता खोला। इसके बाद गंगटे ने 13वें, 27वें और 32वें मिनट में गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। ऋषिकेश मनवाथी ने 20वें मिनट में गोल किया। इस तरह भारतीय टीम ने पहले हाफ में 5-0 की बढ़त बना ली।

दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल जारी रखा और सात गोल और दाग दिए। डेविड मंगांग इरोम ने 53वें मिनट में गोल किया। इसके बाद राज सिंह वांगखेमबाम ने 55वें, 73वें, 83वें और 84वें मिनट में गोल किया। फेलिक्स मेइतेई सैखोम और रिस्टिक मैती ने भी गोल किए। गंगटे को पहले हाफ के बाद आराम दिया गया था।

बारिश के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा। टीम ने बेहतर फिटनेस, तेज गति और एक-दूसरे के साथ शानदार तालमेल का प्रदर्शन किया।

इससे पहले भारत ने सिंगापुर को हराकर अभियान की शुरुआत की थी। वहीं, गुआम को फिलिस्तीन के खिलाफ 0-5 और सिंगापुर के खिलाफ 0-6 से हार मिली थी।

ग्रुप-ई में भारत छह अंकों के साथ शीर्ष पर है। फिलिस्तीन भी छह अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, लेकिन गोल अंतर में पीछे है। सिंगापुर के तीन अंक हैं, जबकि मलेशिया और गुआम का खाता नहीं खुला है। भारत का अगला मुकाबला मंगलवार को फिलिस्तीन से होगा। इस ग्रुप से केवल शीर्ष पर रहने वाली टीम को एएफसी अंडर-17 एशियाई कप 2027 के लिए सीधे क्वालीफाई करने का मौका मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे