फीफा विश्व कप 2026 : अमेरिका ने ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से हराकर अंतिम-32 में बनाई जगह
सिएटल 20 जून (हि.स.)। सह-मेजबान अमेरिका ने फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-डी मुकाबले में शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और एक मैच शेष रहते हुए नॉकआउट चरण (अंतिम-32) में अपनी जगह पक्की कर ली।
अमेरिका ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और 11वें मिनट में बढ़त हासिल कर ली। अमेरिकी खिलाड़ी फोलारिन बालोगुन ने शानदार दौड़ लगाते हुए गेंद को ऑस्ट्रेलियाई रक्षा पंक्ति के बीच पहुंचाया, जिसे रोकने के प्रयास में ऑस्ट्रेलिया के डिफेंडर कैमरून बर्गेस ने गलती से गेंद अपने ही गोल में पहुंचा दी।
पहला गोल खाने के बाद ऑस्ट्रेलिया वापसी की कोशिश करता रहा, लेकिन अमेरिकी टीम ने दबाव बनाए रखा। पहले हाफ के अंत से ठीक पहले अमेरिका ने अपनी बढ़त दोगुनी कर दी।
एलेक्स फ्रीमैन ने नजदीक से हेडर लगाकर गेंद को जाल में पहुंचाया। शुरुआत में इस गोल को ऑफसाइड करार दिया गया, लेकिन वीडियो सहायक रेफरी (वीएआर) की समीक्षा के बाद गोल को मान्यता दे दी गई। इसके बाद स्टेडियम में मौजूद अमेरिकी समर्थकों में जश्न का माहौल बन गया।
इस जीत के साथ अमेरिका के दो मैचों में छह अंक हो गए और टीम ग्रुप से बाहर होने के खतरे से पूरी तरह बाहर निकलकर अंतिम-32 में पहुंच गई।
अब अमेरिका अपना अंतिम ग्रुप मुकाबला तुर्किये के खिलाफ लॉस एंजेलिस स्टेडियम में खेलेगा, जबकि तीन अंकों पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया को नॉकआउट की उम्मीद बनाए रखने के लिए पराग्वे के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे