फीफा विश्व कप में स्वीडन से 5-1 की हार के बाद ट्यूनीशिया ने कोच बदला, एर्वे रेनार्ड को सौंपी कमान
लॉस एंजिल्स, 16 जून (हि.स.)। ट्यूनीशिया फुटबॉल महासंघ ने फीफा विश्व कप में स्वीडन के खिलाफ 5-1 की करारी हार के बाद मुख्य कोच सबरी लामूशी को पद से हटा दिया है। उनकी जगह फ्रांस के अनुभवी कोच एर्वे रेनार्ड को राष्ट्रीय टीम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस फैसले की आधिकारिक घोषणा सोमवार को ट्यूनीशिया के राष्ट्रीय प्रसारण माध्यम के जरिए की गई। ट्यूनीशिया फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष मोएज़ नस्सारी ने बताया कि एर्वे रेनार्ड के साथ आधिकारिक समझौता हो गया है और वह वर्ष 2026 विश्व कप के अंत तक टीम के मुख्य कोच बने रहेंगे।
रेनार्ड अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में अपने अनुभव और बड़े टूर्नामेंटों में शानदार रणनीति के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने वर्ष 2022 के विश्व कप में सऊदी अरब को प्रशिक्षित करते हुए उस समय की सबसे बड़ी उलटफेर वाली जीत दिलाई थी, जब उनकी टीम ने बाद में विश्व विजेता बनी अर्जेंटीना को हराया था। इसके बाद वह फ्रांस की महिला फुटबॉल टीम के कोच भी रहे।
पूर्व फ्रांसीसी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सबरी लामूशी ने इसी वर्ष जनवरी में ट्यूनीशिया टीम की कमान संभाली थी, लेकिन विश्व कप में निराशाजनक शुरुआत के बाद उनका कार्यकाल जल्द समाप्त हो गया।
स्वीडन के खिलाफ भारी हार के बाद अब ट्यूनीशिया के लिए नॉकआउट चरण में पहुंचने की राह कठिन हो गई है। टीम अपना अगला मुकाबला शनिवार को ग्रुप-एफ में जापान के खिलाफ खेलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे