फीफा विश्व कप 2026: ब्राजील का अंतिम 32 में जापान से होगा सामना
नई दिल्ली, 26 जून (हि.स.)। फीफा विश्व कप 2026 के अंतिम 32 का एक और मुकाबला तय हो गया है। पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील अब नॉकआउट चरण में जापान से भिड़ेगा। यह मुकाबला 29 जून को अमेरिका के ह्यूस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसकी शुरुआत भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे होगी।
जापान ने ग्रुप एफ के अपने अंतिम मुकाबले में स्वीडन के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलकर चार अंक हासिल किए और नीदरलैंड के बाद दूसरे स्थान पर रहते हुए अंतिम 32 में जगह बनाई। दूसरी ओर, ब्राजील ने ग्रुप सी में दो जीत और एक ड्रॉ के साथ शीर्ष स्थान हासिल कर नॉकआउट चरण में प्रवेश किया।
ब्राजील के ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहने वाला मोरक्को अब अंतिम 32 में नीदरलैंड का सामना करेगा।
ब्राजील और जापान के बीच पिछली भिड़ंत अक्टूबर 2025 में एक अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में हुई थी, जिसमें जापान ने 3-2 से जीत दर्ज कर इतिहास रचा था। यह 14 मुकाबलों में ब्राजील के खिलाफ जापान की पहली जीत थी।
हालांकि विश्व कप के इतिहास में दोनों टीमों की अब तक केवल एक बार टक्कर हुई है। वर्ष 2006 के विश्व कप में ब्राजील ने जापान को 4-1 से हराया था। अब लगभग दो दशक बाद दोनों टीमें फिर विश्व कप के मंच पर आमने-सामने होंगी, जहां जापान पिछली जीत का आत्मविश्वास लेकर उतरेगा, जबकि ब्राजील अपने शानदार रिकॉर्ड को कायम रखने की कोशिश करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे