फीफा महिला विश्व कप 2027 का कार्यक्रम जारी, माराकाना में अभियान शुरू करेगा ब्राजील
आठ मेजबान शहरों में खेले जाएंगे सभी 64 मुकाबले, माराकाना में होगा फाइनल
नई दिल्ली, 20 अगस्त (हि.स.)। फीफा ने गुरुवार को महिला विश्व कप 2027 के मुकाबलों का कार्यक्रम जारी कर दिया। ब्राजील में होने वाले इस टूर्नामेंट के सभी 64 मुकाबले आठ मेजबान शहरों में खेले जाएंगे। कार्यक्रम की घोषणा स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख स्थित फीफा मुख्यालय में महिला विश्व कप 2027 प्लेऑफ टूर्नामेंट के प्रारंभिक चरण के लाइव ड्रॉ के दौरान की गई।
मेजबान ब्राजील अपने अभियान की शुरुआत 24 जून को रियो डी जेनेरियो के प्रतिष्ठित माराकाना स्टेडियम से करेगा। इसके बाद ब्राजील 29 जून को साओ पाउलो के अरेना इताकेरा में अपना दूसरा ग्रुप मैच खेलेगा, जबकि ग्रुप चरण का अंतिम मुकाबला चार जुलाई को ब्रासीलिया के एस्टाडियो नैशनल में होगा।
आठों मेजबान शहरों में कम से कम सात मुकाबले खेले जाएंगे और प्रत्येक शहर में कम से कम एक नॉकआउट मुकाबला होगा।
फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने कहा, “हम अगले वर्ष ब्राजील में महिला फुटबॉल इतिहास के एक नए अध्याय को देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं, जहां दुनिया की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, कोच, प्रशंसक और स्थानीय समुदाय इस मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।”
उन्होंने कहा, “मैं अभी से यह सोचकर रोमांचित हूं कि जब ब्राजील के प्रशंसक दुनिया का स्वागत करेंगे तो वे टूर्नामेंट में कितना जुनून, रंग और ऊर्जा लेकर आएंगे।”
आठ शहरों में होंगे मुकाबले
ब्रासीलिया, पोर्टो एलेग्रे, रेसिफे और साल्वाडोर में अंतिम-16 तक के मुकाबले खेले जाएंगे। वहीं बेलो होरिजोंटे और फोर्टालेजा के साथ रियो डी जेनेरियो और साओ पाउलो को क्वार्टर फाइनल मुकाबलों की मेजबानी मिलेगी।
साओ पाउलो में एक सेमीफाइनल और कांस्य पदक मुकाबला खेला जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल और फाइनल रियो डी जेनेरियो के प्रतिष्ठित माराकाना स्टेडियम में होगा।
इतिहास रचेगा माराकाना
माराकाना दुनिया का ऐसा तीसरा स्टेडियम बन जाएगा, जिसने पुरुष और महिला दोनों फीफा विश्व कप के फाइनल की मेजबानी की है। इससे पहले स्वीडन के सोलना स्थित रासुंडा स्टेडियम ने 1958 पुरुष और 1995 महिला विश्व कप फाइनल की मेजबानी की थी। अमेरिका के पासाडेना स्थित रोज बाउल में 1994 पुरुष और 1999 महिला विश्व कप फाइनल खेले गए थे।
टूर्नामेंट के दौरान पूरे ब्राजील में फीफा फैन फेस्टिवल भी आयोजित किए जाएंगे, जहां प्रशंसकों को विश्व कप के उत्सव का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा।
2027 महिला विश्व कप में आठ मेजबान शहरों में कुल 64 मुकाबले खेले जाएंगे। कार्यक्रम को इस तरह तैयार किया गया है कि ग्रुप चरण से लेकर नॉकआउट मुकाबलों तक रोमांच लगातार बढ़ता जाए और अंततः माराकाना में होने वाले फाइनल के साथ टूर्नामेंट का समापन हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे