यूरोपा लीग 2026: एस्टन विला सेमीफाइनल में, नॉटिंघम फॉरेस्ट से होगा ऑल-इंग्लिश मुकाबला
बर्मिंघम, 17 अप्रैल (हि.स.)। यूरोपा लीग 2026 में एस्टन विला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बोलोनिया को 4-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
इस जीत के साथ अब उसका सामना नॉटिंघम फॉरेस्ट से होगा, जिससे टूर्नामेंट में एक ऑल-इंग्लिश सेमीफाइनल तय हो गया है। कोच उनाई एमरी की टीम ने दो मैचों के आधार पर 7-1 से बड़ी जीत दर्ज करते हुए लगातार तीन सीजन में दूसरी बार यूरोपीय सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
मैच में ओली वॉटकिंस ने 16वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। यह उनका क्लब के लिए 100वां गोल भी रहा। इसके बाद एमिलियानो बुएंदिया, मॉर्गन रोजर्स और एजरी कॉन्सा ने गोल कर जीत को एकतरफा बना दिया।
फॉरेस्ट भी अंतिम चार में
नॉटिंघम फॉरेस्ट ने पोर्टो को 1-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। टीम ने कुल स्कोर 2-1 से जीत दर्ज की। मॉर्गन गिब्स-व्हाइट ने 12वें मिनट में निर्णायक गोल किया। मैच में पोर्टो के जान बेडनारेक को रेड कार्ड दिखाया गया, जिससे टीम को बड़ा नुकसान हुआ।
फ्रीबर्ग और ब्रागा भी सेमीफाइनल में
फ्रीबर्ग ने सेल्टा विगो को 3-1 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। कुल स्कोर 6-1 रहा। इगोर मातानोविच और युइतो सुजुकी ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। अब फ्रीबर्ग का सामना ब्रागा से होगा, जिसने रियल बेटिस को 4-2 से हराकर शानदार वापसी की।
कॉन्फ्रेंस लीग में क्रिस्टल पैलेस आगे
कॉन्फ्रेंस लीग में क्रिस्टल पैलेस ने फियोरेंटिना से 1-2 से हारने के बावजूद कुल 4-2 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब उसका मुकाबला शख्तर दोनेत्स्क से होगा।
इटली के क्लबों का खराब प्रदर्शन
इस सीजन में इटली के क्लबों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। बोलोनिया और फियोरेंटिना के बाहर होने के बाद सात साल में पहली बार कोई भी इतालवी क्लब यूरोपीय प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में नहीं पहुंचा। इससे पहले अटलांटा भी चैंपियंस लीग से बाहर हो चुकी थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे