चैंपियंस लीग फाइनल की मेजबानी करेगा बार्सिलोना का कैंप नोउ
साल 2028 का फाइनल म्यूनिख में होगा
बार्सिलोना, 15 सितंबर (हि.स.)। यूएफा ने मंगलवार को घोषणा की कि बार्सिलोना का पुनर्निर्मित कैंप नोउ 2029 चैंपियंस लीग फाइनल की मेजबानी करेगा। बार्सिलोना के स्टेडियम ने लंदन के वेम्बली स्टेडियम को पीछे छोड़कर मेजबानी हासिल की।
2029 का फाइनल बार्सिलोना के लिए खास होगा क्योंकि इसके एक साल बाद स्पेन पुर्तगाल और मोरक्को के साथ मिलकर 2030 विश्वकप की मेजबानी करेगा। 2030 विश्वकप का फाइनल कहां होगा, इसे लेकर भी मुकाबला जारी है। इसके लिए रियल मैड्रिड के पुनर्निर्मित सैंटियागो बर्नाबेउ और कासाब्लांका में बन रहे 1,15,000 दर्शक क्षमता वाले स्टेडियम के नाम चर्चा में हैं।
यूएफा की कार्यकारी समिति ने साल 2028 चैंपियंस लीग फाइनल के लिए म्यूनिख स्थित बायर्न म्यूनिख के स्टेडियम को भी चुना है। इस आयोजन के लिए म्यूनिख एकमात्र दावेदार था। यहां 2025 में भी चैंपियंस लीग फाइनल खेला गया था।
करीब 1,05,000 दर्शक क्षमता वाले कैंप नोउ का पुनर्निर्माण अभी जारी है। स्टेडियम के ऊपरी हिस्से और छत का निर्माण अभी पूरा होना बाकी है।
बार्सिलोना ने इससे पहले 1999 में चैंपियंस लीग फाइनल की मेजबानी की थी। उस मुकाबले में मैनचेस्टर यूनाइटेड ने इंजरी टाइम में दो गोल कर बायर्न म्यूनिख को चौंकाते हुए खिताब जीता था।
वेम्बली में 1999 के बाद तीन बार चैंपियंस लीग फाइनल खेला जा चुका है। लंदन के इस ऐतिहासिक स्टेडियम ने साल 2011, 2013 और 2024 में फाइनल की मेजबानी की थी। यूरोपीय कप के 71 साल के इतिहास में वेम्बली कुल आठ बार फाइनल की मेजबानी कर चुका है।
इस सत्र का चैंपियंस लीग फाइनल मैड्रिड के एटलेटिको मैड्रिड के मेट्रोपोलितानो स्टेडियम में खेला जाएगा।
महिला चैंपियंस लीग और यूरोपा लीग के मेजबान भी तय
महिला चैंपियंस लीग के 2028 फाइनल की मेजबानी रिकॉर्ड आठ बार की चैंपियन लियोन करेगा। वहीं, 2029 महिला चैंपियंस लीग फाइनल कार्डिफ के राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। यही स्टेडियम 2028 यूरोपीय चैंपियनशिप के उद्घाटन मैच की भी मेजबानी करेगा।
यूएफा ने यूरोपा लीग के 2028 और 2029 फाइनल के मेजबान भी तय कर दिए हैं। 2028 का फाइनल रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट के राष्ट्रीय स्टेडियम में और 2029 का फाइनल सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड में बनने वाले नए राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सत्र का यूरोपा लीग फाइनल आइंट्राख्ट फ्रैंकफर्ट के वाल्डस्टेडियन में होगा।
तीसरे स्तर की पुरुष क्लब प्रतियोगिता कॉन्फ्रेंस लीग के 2028 फाइनल की मेजबानी ट्यूरिन में युवेंटस के स्टेडियम को मिली है, जबकि 2029 का फाइनल बुडापेस्ट के 67,000 दर्शक क्षमता वाले पुस्कास एरेना में होगा। इसी मैदान पर मई में चैंपियंस लीग फाइनल खेला गया था।
2021 में शुरू हुई कॉन्फ्रेंस लीग की लोकप्रियता बढ़ने के साथ इसके फाइनल के लिए अब बड़े स्टेडियम चुने जा रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दो फाइनल अल्बानिया की राजधानी तिराना और चेक गणराज्य की राजधानी प्राग के करीब 20,000 दर्शक क्षमता वाले स्टेडियमों में खेले गए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे