अर्जेंटीना की फीफा विश्व कप तैयारियों को झटका, दो डिफेंडर चोटिल, स्क्वाड में बदलाव

 


नई दिल्ली, 24 मार्च (हि.स.)। फीफा विश्व कप 2026 की तैयारियों के बीच अर्जेंटीना को बड़ा झटका लगा है। टीम के दो अहम डिफेंडर लियोनार्डो बालेरदी और गोंजालो मोंटिएल चोट के कारण मार्च-अप्रैल में होने वाले अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबलों से बाहर हो गए हैं।

लियोनार्डो बालेरदी को पिंडली (काफ) में चोट लगी है, जबकि गोंजालो मोंटिएल मांसपेशियों की समस्या से जूझ रहे हैं। मोंटिएल हाल ही में रिवर प्लेट के लिए खेलते हुए पेनल्टी पर गोल करने के बाद मैच के दौरान चोटिल हो गए थे और उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। जांच में पता चला कि उनके बाएं पैर की मांसपेशी (बाइसेप्स फेमोरिस) में ग्रेड-1 की चोट है।

मोंटिएल 2022 कतर विश्व कप जीतने वाली अर्जेंटीना टीम के महत्वपूर्ण सदस्य रहे हैं, ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी टीम के लिए बड़ी चिंता का विषय है। हालांकि, मुख्य कोच लियोनेल स्कॉलोनी ने अभी तक उनके स्थान पर किसी खिलाड़ी की घोषणा नहीं की है।

वहीं बालेरदी की जगह टीम में लुकास मार्टिनेज क्वार्ता को शामिल किया गया है। वह 2024 कोपा अमेरिका जीतने वाली टीम का हिस्सा रह चुके हैं और इस मौके को विश्व कप 2026 टीम में जगह बनाने के अंतिम प्रयास के रूप में देखेंगे।

अर्जेंटीना को इस विंडो में स्पेन और कतर के खिलाफ मुकाबले खेलने थे, लेकिन पश्चिम एशिया में तनाव के चलते कतर फुटबॉल फेस्टिवल को स्थगित कर दिया गया। अब टीम 27 मार्च को मॉरिटानिया और पांच दिन बाद जाम्बिया के खिलाफ मुकाबले खेलेगी। दोनों मैच ब्यूनस आयर्स स्थित ला बॉम्बनेरा स्टेडियम में होंगे।

अर्जेंटीना टीम (अपडेटेड):

गोलकीपर: एमिलियानो मार्टिनेज, जेरोनिमो रुल्ली, जुआन मुसो।

डिफेंडर: नहुएल मोलिना, क्रिस्टियन रोमेरो, लुकास मार्टिनेज क्वार्ता, मार्कोस सेनेसी, निकोलस ओटामेंडी, निकोलस टैग्लियाफिको, गैब्रियल रोजास, मार्कोस अकुना।

मिडफील्डर: लिआंड्रो परेडेस, मैक्सिमो पेरोने, एलेक्सिस मैक एलिस्टर, एंजो फर्नांडेज, वैलेंटिन बार्को, रोड्रिगो डी पॉल, एक्जेकिएल पालासियोस।

फॉरवर्ड: लियोनेल मेसी, निकोलस पाज़, जियानलुका प्रेस्टियानी, निकोलस गोंजालेज, जुलियानो सिमेओने, थियागो अल्माडा, जोसे लोपेज, जूलियन अल्वारेज।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे