फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल के 63वें संस्करण में एशियाई खेल 2026 पर निशाना, अनीश भानवाला और तनिक्षा खत्री ने की सराहना

 




नई दिल्ली, 01 मार्च (हि.स.)। देशभर में आयोजित फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल के 63वें संस्करण में भारतीय खिलाड़ियों ने सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने की पहल की जमकर सराहना की। प्रमुख निशानेबाज अनीश भानवाला और अंतरराष्ट्रीय फेंसर तनिक्षा खत्री ने 2026 एशियाई खेलों में पदक जीतने का लक्ष्य दोहराते हुए इस अभियान को जनआंदोलन बताया।

राष्ट्रीय राजधानी स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्विमिंग कॉम्प्लेक्स में जुम्बा, योग और रोप स्किपिंग जैसी गतिविधियों के साथ हजार से अधिक लोगों ने भागीदारी की। यह आयोजन गृह मंत्रालय के अग्निशमन एवं आपातकालीन विभाग के सहयोग से देशभर के 1000 स्थानों पर किया गया।

टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) के अंतर्गत प्रशिक्षण ले रहे अनीश भानवाला ने कहा कि लगातार 63 सप्ताह तक इस अभियान का आयोजन करना सराहनीय है। उन्होंने हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित एशियाई चैंपियनशिप में 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। भानवाला ने कहा कि एशियाई खेल 2026 उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि यह लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक के लिए क्वालीफिकेशन का रास्ता भी खोलते हैं।

वहीं, हरियाणा के करनाल की 23 वर्षीय तनिक्षा खत्री ने कहा कि जून में भारत में होने वाली एशियाई चैंपियनशिप उन्हें घरेलू दर्शकों के सामने खेलने का अवसर देगी और फेंसिंग को लोकप्रिय बनाने में मदद करेगी। उन्होंने बताया कि हांगझोउ एशियाई खेलों में वह क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थीं और इस बार पदक जीतने का लक्ष्य है।

विशाखापत्तनम में आरके बीच पर 800 से अधिक साइकिल चालकों और फिटनेस प्रेमियों ने भाग लेकर आयोजन को उत्सव का रूप दिया। यह कार्यक्रम तीन दिवसीय फिट इंडिया कार्निवल 2026 की शुरुआत का मंच भी बना, जिसमें फिटनेस कार्यशालाएं, प्रतियोगिताएं और जनभागीदारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश खेल प्राधिकरण के अध्यक्ष अनीमिनी रवि नायडू, विधायक पी.जी.वी.आर. नायडू (गनबाबू) सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। ओलंपियन और एशियाई खेल स्वर्ण पदक विजेता जिन्सन जॉनसन ने भी भारतीय एथलीटों के प्रति आशावाद जताया और कहा कि 2026 एशियाई खेलों के लिए देश के मिडिल डिस्टेंस धावक बेहतर तैयारी कर रहे हैं।

दिसंबर 2024 में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया द्वारा शुरू किया गया यह अभियान अब तक 25 लाख से अधिक नागरिकों को 2.5 लाख से ज्यादा स्थानों पर जोड़ चुका है। खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा आयोजित यह पहल साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, मल्लखंब संघ, इंडियन रोप स्किपिंग फेडरेशन और योगासन भारत जैसे संगठनों के सहयोग से संचालित की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे