फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल के 63वें संस्करण में दिखेगा ओलंपियनों का जलवा
नई दिल्ली, 28 फ़रवरी (हि.स.)। फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल के 63वें संस्करण में एक मार्च को ओलंपियन एथलीट जिंसन जॉनसन और निशानेबाज अनीश भानवाला मुख्य आकर्षण रहेंगे। जिंसन जॉनसन, जिन्होंने 2016 ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और 1500 मीटर (3:35.24) में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक हैं, विशाखापत्तनम के खूबसूरत आरके बीच पर आयोजित साइक्लिंग अभियान में हिस्सा लेंगे।
जॉनसन 2018 एशियाई खेलों में 1500 मीटर में स्वर्ण और 800 मीटर में रजत पदक जीत चुके हैं। वहीं 2022 एशियाई खेलों में भी उन्होंने 1500 मीटर में रजत पदक हासिल किया था, जिससे वे भारत के सबसे सफल मिडिल-डिस्टेंस धावकों में शामिल हैं।
नई दिल्ली में भी रहेगा खास आयोजन
नई दिल्ली में यह साइक्लिंग कार्यक्रम प्रतिष्ठित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्विमिंग पूल कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जाएगा, जिसमें अनीश भनवाला के साथ प्रतिभाशाली फेंसर तनिष्का खत्री भी भाग लेंगी। कार्यक्रम का आयोजन गृह मंत्रालय के अग्निशमन एवं आपातकालीन विभाग के सहयोग से किया जा रहा है।
अनीश भनवाला 2018 राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता हैं और आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप (काहिरा 2022 – मिश्रित टीम, काहिरा 2025 – व्यक्तिगत) में रजत पदक जीत चुके हैं। 2022 एशियाई खेलों (हांगझोऊ) में उन्होंने टीम स्पर्धा में कांस्य पदक भी हासिल किया था। तनीक्षा खत्री 2022 एशियाई खेलों में क्वार्टरफाइनल तक पहुंचने वाली भारत की पहली एपे फेंसर रही हैं। इनके साथ फिट इंडिया एंबेसडर नैन्सी और जानी-मानी जुम्बा प्रशिक्षक व वेलनेस कोच आकांक्षा टैगोटरा भी मौजूद रहेंगी।
जन आंदोलन का रूप ले चुका अभियान
फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल की शुरुआत दिसंबर 2024 में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने की थी। यह पहल अब एक सशक्त जन आंदोलन बन चुकी है, जिसमें देशभर के 2.5 लाख से अधिक स्थानों पर 25 लाख से ज्यादा नागरिकों ने भाग लिया है। यह अभियान 29 अगस्त 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए फिट इंडिया मूवमेंट के तहत संचालित हो रहा है।
पूरे देश में एक साथ आयोजन
यह साइक्लिंग अभियान युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, मल्लखंब एसोसिएशन, कूडो एसोसिएशन, नमो साइक्लिंग क्लब्स, इंडियन रोप स्किपिंग फेडरेशन, माय भारत और योगासन भारत के सहयोग से हर सप्ताह आयोजित किया जाता है।
देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में एसएआई केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों, साई प्रशिक्षण केंद्रों, खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्रों और खेलो इंडिया केंद्रों में यह कार्यक्रम एक साथ आयोजित होगा।
योगासन भारत द्वारा योग सत्र, रोप स्किपिंग प्रदर्शन, कूडो मार्शल आर्ट्स डेमो और सांस्कृतिक कार्यक्रम इस आयोजन को एक संपूर्ण फिटनेस उत्सव का रूप देंगे। #FightObesity और #PollutionKaSolution जैसे संदेशों के साथ यह अभियान साइक्लिंग को एक टिकाऊ, सुलभ और सामुदायिक शारीरिक गतिविधि के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करता है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे