'फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल' में डॉ. मांडविया ने दिया जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता घटाने का संदेश
नई दिल्ली, 19 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार को मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम से 'फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल' के 82वें संस्करण का नेतृत्व किया। उन्होंने लोगों से जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करने और साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग प्रदूषण का समाधान है और इससे स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण को भी लाभ मिलता है।
इस बार यह अभियान देशभर में 15,000 से अधिक स्थानों पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें लाखों स्वास्थ्यकर्मियों और नागरिकों ने भाग लिया।
दिसंबर, 2024 में शुरू किए गए इस अभियान ने अब जनआंदोलन का रूप ले लिया है। इसका उद्देश्य लोगों को फिटनेस की डोज़, आधा घंटा रोज़ के मंत्र के साथ प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि के लिए प्रेरित करना है। अब तक इस अभियान में 30 लाख से अधिक लोग प्रत्यक्ष रूप से भाग ले चुके हैं, जबकि 2025 से अब तक 8 करोड़ से अधिक लोगों तक फिट इंडिया अभियान का संदेश पहुंच चुका है।
नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में हॉकी ओलंपियन और एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी स्वर्ण पदक विजेता प्रीति दुबे, फिट इंडिया चैंपियन चारुल मलिक तथा आयुष मंत्रालय की योग एवं वेलनेस विशेषज्ञ अनीता सोलंकी ने भी इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास साइकिल चलाकर लोगों को फिटनेस का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी साइकिल लेकर भी पहुंचे।
इस आयोजन में साइकिलिंग के अलावा दौड़, योग, जुम्बा जैसी गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। बच्चों को आकर्षित करने के लिए विशेष गेम ज़ोन बनाया गया, जिसमें बड़े आकार का लूडो, शतरंज, कैरम, टेबल टेनिस, फुटसल और बैडमिंटन जैसी गतिविधियां शामिल थीं।
डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा, आज फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल का 82वां संस्करण आयोजित किया गया। देशभर के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के लाखों स्वास्थ्यकर्मियों ने 15,000 से अधिक स्थानों पर साइकिल चलाकर प्रधानमंत्री के फिट इंडिया आंदोलन को नई ऊर्जा दी है। यदि आप हर रविवार सिर्फ एक घंटा साइकिल चलाते हैं, तो आप खुद को फिट रख सकते हैं, प्रदूषण कम करने में योगदान दे सकते हैं, देश के ईंधन संसाधनों की बचत कर सकते हैं और स्वस्थ जीवन जी सकते हैं। इन्हीं उद्देश्यों से प्रेरित होकर देशभर के लाखों युवा अब साइकिलिंग को अपना रहे हैं।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर के राज्य कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंशुल मुद्गल ने कहा, दिल्ली में अब तक 415 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए जा चुके हैं। इनका मुख्य उद्देश्य लोगों को बीमार होने से पहले ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। इसी सोच के साथ हम भारतीय खेल प्राधिकरण के फिट इंडिया अभियान के तहत 'फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल' से जुड़े हैं। इस पहल के माध्यम से लोगों को शारीरिक रूप से सक्रिय रहने और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यह एक बेहतरीन पहल है और इसका हिस्सा बनकर हमें खुशी है।
फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, राहगीरी फाउंडेशन और माई भारत के सहयोग से किया जाता है। यह अभियान भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों, साई प्रशिक्षण केंद्रों, खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्रों और खेलो इंडिया केंद्रों सहित सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक साथ आयोजित किया जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे