राष्ट्रमंडल खेल 2026: सचिन सिवाच क्वार्टर फाइनल में, लंबी कूद और पैरा तैराकी में भी भारत को मिली सफलता
ग्लासगो, 27 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। मुक्केबाज सचिन सिवाच ने सोमवार को पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है और अब वह पदक से एक कदम दूर हैं।
वहीं, एथलेटिक्स में मुरली श्रीशंकर के साथ लोकेश ने भी पुरुषों की लंबी कूद के फाइनल के लिए क्वालीफाई किया, जबकि पैरा तैराकी में स्वास्तिक पाटिल ने पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एसबी9 स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश कर लिया।
सचिन सिवाच ने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए पहले दो राउंड 4-1 के अंतर से अपने नाम किए। अंतिम राउंड में भी उन्होंने शानदार पंच लगाए और 4-1 के स्प्लिट फैसले से मुकाबला जीतकर अंतिम आठ में जगह बना ली। इससे पहले उन्होंने राउंड ऑफ-32 में कनाडा के केओमा अल-अहमदिएह को 4-1 के स्प्लिट फैसले से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था। अब सचिन पदक से सिर्फ एक जीत दूर हैं।
एथलेटिक्स की पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा में भारत को दोहरी सफलता मिली। मुरली श्रीशंकर ने अपने पहले ही प्रयास में 8.01 मीटर की छलांग लगाकर सीधे फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। वहीं लोकेश ने 7.77 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाई और सातवें स्थान पर रहते हुए शीर्ष-12 खिलाड़ियों में शामिल होकर फाइनल में जगह बनाई। अब दोनों भारतीय खिलाड़ी पदक की दौड़ में उतरेंगे।
पैरा तैराकी में स्वास्तिक पाटिल ने पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एसबी9 स्पर्धा की दूसरी हीट में 1 मिनट 15.85 सेकंड का समय निकालते हुए चौथा स्थान हासिल किया। दोनों हीट के संयुक्त परिणाम में वह आठवें स्थान पर रहे और शीर्ष-8 तैराकों में शामिल होकर फाइनल का टिकट कटाने में सफल रहे।
राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का लगातार बेहतर प्रदर्शन देश के पदक अभियान को मजबूती दे रहा है और अब कई स्पर्धाओं में भारत की पदक उम्मीदें और बढ़ गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे