आईओए ने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भारतीय दल को दी विदाई, आधिकारिक किट का हुआ अनावरण

 




नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने मंगलवार को ग्लासगो में 23 जुलाई से 2 अगस्त तक होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए रवाना हो रहे भारतीय दल को भव्य विदाई दी। इस अवसर पर टीम इंडिया की आधिकारिक सेरेमोनियल और प्रतियोगिता किट का भी अनावरण किया गया।

समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पी.टी. ऊषा, भारत में ब्रिटेन की उच्चायुक्त लिंडी कैमरन, केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, खेल विभाग के सचिव हरि रंजन राव, दल प्रमुख रोहित राजपाल, उप दल प्रमुख रवि बेंगानी, खिलाड़ी, कोच और विभिन्न कॉर्पोरेट साझेदार उपस्थित रहे।

समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि हमारे खिलाड़ी नए भारत की खेल उत्कृष्टता, दृढ़ संकल्प और आकांक्षाओं के प्रतीक हैं। ग्लासगो के लिए रवाना हो रहे टीम इंडिया के प्रत्येक खिलाड़ी से मेरा आग्रह है कि वे निडर होकर खेलें, खेल भावना का सर्वोच्च उदाहरण प्रस्तुत करें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दें। भारत सरकार हर खिलाड़ी के साथ मजबूती से खड़ी है और देश का गौरव बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पीटी ऊषा ने कहा, आज भारतीय खेल इतिहास का एक और गौरवशाली अध्याय शुरू हो रहा है। भारतीय जर्सी पहनने वाला हर खिलाड़ी वर्षों की मेहनत, अनुशासन और त्याग के बाद यहां तक पहुंचा है। जब टीम इंडिया ग्लासगो के लिए रवाना हो रही है, तब वह अपने साथ एक अरब भारतीयों की उम्मीदें और भारतीय खेल संस्कृति के मूल्यों को लेकर जा रही है। भारतीय ओलंपिक संघ की ओर से मैं पूरे दल को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं।

भारत में ब्रिटेन की उच्चायुक्त लिंडी कैमरन ने कहा, मुझे व्यक्तिगत रूप से टीम इंडिया को शुभकामनाएं देने का अवसर मिलने पर बेहद खुशी है। कॉमनवेल्थ गेम्स केवल खेल प्रतिभा का मंच नहीं हैं, बल्कि यह राष्ट्रों की एकता, विविधता और कॉमनवेल्थ की भावना का भी उत्सव है। खेल भारत और ब्रिटेन के लोगों को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। हमें पता है कि भारत वर्ष 2030 में अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की तैयारी कर रहा है। हम ब्रिटेन में भारतीय खिलाड़ियों का स्वागत करने और उनकी सफलता की कामना करते हैं।

जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के संस्थापक पार्थ जिंदल ने कहा, 'रुकना नहीं है' केवल एक नारा नहीं, बल्कि भारतीय खेलों के प्रति जेएसडब्ल्यू की प्रतिबद्धता है। हम लगातार खिलाड़ियों के विकास के लिए काम कर रहे हैं और उनकी वैश्विक सफलता पर गर्व करते हैं। भारतीय ओलंपिक संघ के साथ हमारी साझेदारी देशभर की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के हमारे मिशन को और मजबूत करती है। यह जर्सी हमारे खिलाड़ियों का कवच है, जिसे खिलाड़ियों को केंद्र में रखकर डिजाइन किया गया है। मैं हर भारतीय से अपील करता हूं कि वह इस जर्सी को खरीदे, गर्व से पहने और कॉमनवेल्थ गेम्स में टीम इंडिया के साथ मजबूती से खड़ा रहे।

समारोह के दौरान खिलाड़ियों ने नई आधिकारिक किट पहनकर रैंप वॉक किया। वर्तमान और पूर्व कॉमनवेल्थ पदक विजेताओं के साथ विशेष संवाद भी आयोजित किया गया। टीम इंडिया की आधिकारिक किट का डिजाइन प्रसिद्ध डिजाइनर आकिब वानी ने तैयार किया है, जबकि इसे जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स ने विकसित किया है। किट का डिजाइन 'अदृश्य गति-पथ' की अवधारणा पर आधारित है, जो खिलाड़ियों की गति, लय और उत्कृष्टता को दर्शाता है।

भारतीय ओलंपिक संघ ने टीम इंडिया के अभियान में सहयोग देने वाले सभी कॉर्पोरेट साझेदारों का भी आभार व्यक्त किया। रिलायंस फाउंडेशन स्पोर्ट्स, यस बैंक, जेएसडब्ल्यू इंस्पायर, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और अडानी स्पोर्ट्सलाइन प्रमुख प्रायोजक हैं, जबकि अमूल सहयोगी प्रायोजक है।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारत ने 124 खिलाड़ियों का मजबूत दल भेजा है, जिसमें सामान्य और पैरा खिलाड़ी दोनों शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ी एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, भारोत्तोलन, जूडो, जिम्नास्टिक, साइक्लिंग, लॉन बॉल्स, तैराकी के साथ-साथ पैरा एथलेटिक्स, पैरा व्हीलचेयर बास्केटबॉल, पैरा पावरलिफ्टिंग, पैरा तैराकी और पैरा ट्रैक साइक्लिंग सहित 10 खेलों में पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे