राष्ट्रमंडल खेल 2026: तीसरे दिन भारत के मुक्केबाज, तैराक और जिम्नास्ट पर रहेंगी निगाहें
नई दिल्ली, 24 जुलाई (हि.स.)।
ग्लासगो में चल रहे राष्ट्रमंडल खेल 2026 के तीसरे दिन (25 जुलाई) भारत के खिलाड़ी लॉन बॉल्स, मुक्केबाजी, तैराकी, 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल और आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स में चुनौती पेश करेंगे।
भारतीय खिलाड़ी कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में उतरेंगे, जबकि तैराकी स्पर्धाओं के फाइनल में जगह बनाने की भी कोशिश करेंगे।
भारतीय समयानुसार दोपहर 3:50 बजे महिला लॉन बॉल्स पेयर्स स्पर्धा में रूपा रानी तिर्की और पिंकी की जोड़ी का मुकाबला टोंगा की पेरिस बेकर और मिलिका नाथन से होगा। इसके बाद 4:00 बजे पुरुष 60 किलोग्राम मुक्केबाजी वर्ग के राउंड ऑफ-32 में सचिन का सामना कनाडा के केओमा अल-अहमदियेह से होगा।
4:19 बजे पुरुष 400 मीटर फ्रीस्टाइल की हीट में धक्षन शशिकुमार और आर्यन नेहरा अलग-अलग हीट में उतरेंगे। वहीं 4:35 बजे भारतीय महिला 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल टीम, जिसमें मीनाक्षी, रीना, लक्ष्मी और ऋतु शामिल हैं, पूल-बी के मुकाबले में वेल्स से भिड़ेगी।
शाम 7:30 बजे पुरुष लॉन बॉल्स सिंगल्स में पुतुल सोनोवाल का मुकाबला मलेशिया के इज्जत शमीर द्जुलकेप्ले से होगा। रात 8:15 बजे महिला आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स टीम फाइनल में प्रणति नायक, निश्का अग्रवाल, प्रतिष्ठा सामंता और ईशिता रेवाले भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह स्पर्धा टीम पदक के साथ-साथ व्यक्तिगत स्पर्धाओं के लिए क्वालीफिकेशन भी होगी।
यदि भारतीय तैराक हीट से क्वालीफाई करते हैं तो धक्षन शशिकुमार और आर्यन नेहरा रात 11:37 बजे पुरुष 400 मीटर फ्रीस्टाइल फाइनल में उतरेंगे। इसके अलावा श्रीहरि नटराज पुरुष 50 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में 26 जुलाई को रात 12:19 बजे (भारतीय समयानुसार) हिस्सा लेंगे, बशर्ते वह क्वालीफाई कर लें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे